जयपुर

ठाकुरजी की पालकी लेकर कलेक्ट्रेट क्यों पहुंचे ग्रामीण? दौसा में 'प्रशासन न्याय दो' की गूंज; जानें पूरा मामला

दौसा में ग्रामीणों ने भगवान ठाकुर जी को पालकी में विराजमान कर कलेक्ट्रेट पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। गादरवाड़ा ब्राह्मण गांव के लोगों ने सिवाय चक भूमि पर अतिक्रमण और रास्ता बंद होने का आरोप लगाया। भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच प्रशासन से कार्रवाई की मांग की गई।

Image

ठाकुर जी को पालकी में लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे पुजारी

Photo : Times Now Digital

राजस्थान के दौसा जिले में शुक्रवार को भक्ति और न्याय का अनोखा संगम देखने को मिला। यहां बांदीकुई उपखंड के गादरवाड़ा ब्राह्मण गांव के ग्रामीण भगवान ठाकुर जी की प्रतिमा को पालकी में विराजमान कर प्रशासन से न्याय की गुहार लगाने कलेक्ट्रेट पहुंचे। पूरे परिसर में “जय श्री ठाकुर जी महाराज की जय” और “प्रशासन न्याय दो” के उद्घोष गूंजते रहे।

क्या है पूरा मामला?

ग्रामीणों ने ठाकुर जी की चांदी की पालकी को फूलों और झालरों से सजाकर कलेक्टर कार्यालय के बाहर स्थापित किया। भजन-कीर्तन और ढोल-नगाड़ों के बीच उन्होंने एडीएम रामस्वरूप चौहान को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व हरिमोहन पुजारी और विनोद सैनी ने किया। ग्रामीणों का कहना है कि वे प्रशासन से कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो अब उन्होंने भगवान को साक्षी मानकर न्याय की फरियाद की है।

'सिवाय चक भूमि पर अतिक्रमण का आरोप'

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उनके गांव में सिवाय चक भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है और आम रास्ता बंद कर दिया गया है। पहले जहां पक्का कंक्रीट मार्ग था, वहां अब खेत जोत दिए गए हैं, जिससे ग्रामीणों की आवाजाही ठप हो गई है। पुजारी हरिमोहन ने बताया कि यह भूमि ठाकुर जी की सेवा करने वाले पुजारियों को दान में दी गई थी, लेकिन अब उस पर अतिक्रमण कर लिया गया है।

'प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग'

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस विवाद का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ठाकुर जी के साक्षात दर्शन के साथ प्रशासन से न्याय की अपील की जा रही है, और अब भगवान के नाम पर भी अगर कार्रवाई नहीं हुई तो यह आस्था के साथ अन्याय होगा। दौसा कलेक्ट्रेट परिसर में दिनभर “राधे-राधे”, “ठाकुर जी की जय” और “प्रशासन न्याय दो” के स्वर गूंजते रहे, जिसने पूरे माहौल को भक्ति और न्याय की अद्भुत मिसाल बना दिया।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article