जयपुर

Rajasthan Accident: सूरतगढ़-अनूपगढ़ हाईवे पर तेज रफ्तार कार की खड़े ट्रक से टक्कर, 3 लोगों की मौत

श्रीगंगानगर में बुधवार को सूरतगढ़-अनूपगढ़ हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार पीछे से एक खड़े ट्रक से टकरा गई। जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस हादसे की वजह की जांच में जुटी है।

Image

श्रीगंगानगर में भीषण हादसा

Rajasthan Accident News: राजस्थान के श्रीगंगानगर में बुधवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। सूरतगढ़-अनूपगढ़ स्टेट हाईवे 94 पर एक तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयंकर था कि टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

श्रीगंगानगर में कहां पर हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार अनूपगढ़ की ओर जा रहे ट्रक में पीछे से अर्टिगा टकरा गई। हादसा जिस जगह पर हुआ, वहां पर एक मोड़ है। इसलिए अंदाजा लगाया जा रहा है कि मोड़ पर ट्रक की रफ्तार धीमी थी और पीछे से आ रही कार अपनी रफ्तार धीमी नहीं कर पाई और ट्रक में घुस गई। बताया गया कि इस दुर्घटना में कार सवारों में से तीन युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। बाद में घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने शवों को कब्जे में लिया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना के कारणों की जांच कर रही पुलिस

मृतकों की पहचान सुरेंद्र, नरेश कुमार और कालूराम के रूप में हुई है, जो गांव 2 पीजीएम अनूपगढ़ के निवासी थे। घायल सुखदेव सिंह और जगदीश को इलाज के लिए श्रीगंगानगर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। हादसे में घायल और मृतकों की उम्र 18 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। दो मृतकों के शव सूरतगढ़ में रखवाए गए हैं, जबकि एक मृतक का शव जैतसर मोर्चरी में रखा गया है। फिलहाल, पुलिस और प्रशासन ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और गवाहों से बयान लिए जा रहे हैं।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article