जयपुर

Rajasthan Weather Today: ठंड से ठिठुरा राजस्थान, बारिश और ओलावृष्टि के आसार; जानें कैसा रहेगा मौसम का हाल

Rajasthan Weather Today: राजस्थान में मौसम विभाग ने आज बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। साथ ही राज्य में घना कोहरा भी छाया रहेगा। आने वाले दिनों में राजस्थान में ठंड और बढ़ने के आसार हैं।

Image

ठंड से ठिठुरा राजस्थान

Rajasthan Weather Today: राजस्थान में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। यहां एक्टिव हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल रहा है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है तो वहीं कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की मानें को अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश में 2 से 3 डिग्री तक तापमान बढ़ सकता है, लेकिन इसका ठंड पर अधिक प्रभाव नहीं पड़ेगा। क्योंकि बारिश और कोहरे के साथ प्रदेश में कोल्ड डे का अलर्ट भी जारी किया गया है।

राजस्थान में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनू, सीकर, जयपुर, अलवर, भरतपुर, दौसा, करौली, अजमेर और नागौर में आज हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है। इससे तापमान में कमी आने के साथ ठंड का स्तर और बढ़ेगा और इन जिलों में सर्दियों का प्रचंड रूप देखने को मिलेगा।

राजस्थान के इन हिस्सों में छाया रहेगा घना कोहरा

जयपुर मौसम केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, राजस्थान के बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, जालौर, सिरोही, उदयपुर, पाली, राजसमंद, भीलवाड़ा, टोंक, सवाई माधोपुर, करौली और धौलपुर में घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी किया है। सुबह की शुरुआत इन सभी जिलों में कोहरे की मोटी परत के साथ होगी। दिन चढ़ने के साथ कोहरे में कमी आएगी और शाम होते-होते कई जिलों में फिर कोहरा दिखने को मिलेगा।

कल कैसा रहेगा राजस्थान में मौसम का हाल

आज की तरह ही राजस्थान में 13 जनवरी को भी कई जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। इन जिलों में बीकानेर, सीकर, नागौर, अजमेर, जयपुर, टोंक, सवाई माधोपुर, करौली, धौलपुर, दौसा, अलवर और भरतपुर में घना कोहरा छाया रहेगा। इसके अलावा श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनू, अलवर और भरतपुर में मौसम विभाग ने कोल्ड डे का अलर्ट भी जारी किया है।

राज्य के प्रमुख जिलों में न्यूनतम तापमान

राजस्थान के सबसे कम तापमान माउंट आबू पर 3.4 डिग्री दर्ज किया गया है। उसके अलावा चूरू में 8.4 डिग्री, जयपुर में 8.4 डिग्री, गंगानगर में 8.6 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 9.6, भीलवाड़ा में 10.4 डिग्री, कोटा में 10.5 डिग्री, सीकर में 11, डिग्री, जैसलमेर में 11.1 डिग्री, बीकानेर में 11.6 डिग्री और जोधपुर में 13.6 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। वहीं इन जिलों का अधिकतम तापमान 15 से 26 के बीच बना हुआ है। जयपुर में अधिकतम तापमान 15.6 डिग्री तक रहा। वहीं बाड़मेर में सबसे अधिक 26.9 डिग्री तक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article