Rajasthan Weather Today: राजस्थान में मानसून की चाल एक बार फिर बदली-बदली नजर आ रही है। बीते दिनों धीमी हुई मानसून की रफ्तार फिर तेज होने लगी है। शनिवार को कई जिलों में भारी बारिश के बाद मौसम विभाग ने आने वाले सप्ताह में कई जिलों में भारी बारिश से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। जहां एक तरफ लोगों के चेहरे बारिश से खिले हुए हैं वहीं दूसरी तरफ शनिवार को हुई झमाझम बारिश के बाद कई स्थानों पर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई। जगह-जगह पानी भरा होने के कारण लोगों को काफी परेशानी हुई। इतना ही नहीं कई स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। इस बीच मौसम विभाग ने राजस्थान के 8 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट और 15 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। शेष जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है। आइए आपको बताएं किन जिलों में जारी किया गया है ऑरेंज और येलो अलर्ट -
राजस्थान के इन जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट
जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने राजस्थान के कई जिलों में अति भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में झुंझुनू, सीकर, अजमेर, टोंक, जयपुर, दौसा, भरतपुर और धौलपुर शामिल हैं। यहां तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है। बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।
इन जिलों में जारी बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अलवर, करौली, सवाई माधोपुर, कोटा, बूंदी, झालावाड़, बारां, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, पाली, नागौर, हनुमानगढ़, जोधपुर और चूरू शामिल हैं। मौसम विभाग ने बताया कि यहां गरज-चमक के साथ बारिश होगी। बारिश से यहां का मौसम सुहावना बना रहेगा।
आगामी दिनों में कैसा रहेगा मौसम का हाल
राजस्थान में पूरे सप्ताह बारिश का दौर जारी रहेगा। 11 अगस्त से 18 अगस्त तक राजस्थान के अधिकतर जिलों में झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 12 अगस्त को अलवर, भरतपुर में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, जबकि झुंझुनू, सीकर, जयपुर, टोंक, दौसा, करौली, सवाई माधोपुर, और धौलपुर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
13 अगस्त को मौसम विभाग ने झुंझुनू और सीकर में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं अलवर, जयपुर, दौसा, करौली, धौलपुर, भरतपुर, सवाई माधोपुर, टोंक, अजमेर, चूरू और नागौर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान शहर में तेज हवाएं चलने की भी संभावनाएं है।
14 अगस्त को झुंझुनू, सीकर और नागौर में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां गरज-चमक के साथ तेज बारिश होगी। इसके अलावा मौसम विभाग ने चूरू, पाली, अजमेर, जयपुर, अलवर, दौसा, जोधपुर, टोंक और भीलवाड़ा में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। शेष जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को भी राजस्थान का मौसम अन्य दिनों के जैसी ही सुहावना बना रहेगा। 15 अगस्त को राज्य के 5 जिलों चूरू, झुंझुनू, सीकर, नागौर और अलवर में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हनुमानगढ़, बीकानेर, जोधपुर, पाली, अजमेर, जयपुर, टोंक, सवाई माधोपुर, दौसा, करौली, भरतपुर और धौलपुर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
