Rajasthan Road Accident: राजस्थान के अनूपगढ़ कस्बे के पास शनिवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया है। इस हादसे में पिता-पुत्र सहित तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा व घायलों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सड़क दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-911 पर 15ए गांव के बस अड्डे के पास हुई है। यहां एक कार व पिकअप वाहन की आमने-सामने की टक्कर हुई, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई।
घटनास्थल पर मौजूद सहायक उपनिरीक्षक ग्यारसी लाल ने बताया कि कार में सवार चालक प्रभु, उसके पिता ओमप्रकाश व एक अन्य रिश्तेदार बलबीर की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ सफर कर रहे किशोर प्रशांत घायल हो गए हैं। वहीं, पिकअप चालक करणी सिंह (32) भी घायल हो गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
