जयपुर-अजमेर हाईवे पर सावरदा पुलिया के पास बड़ा हादसा हो गया, जहां गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक पलटने के बाद लगातार तेज धमाके हो रहे हैं। हादसे की सूचना पर स्थानीय पुलिस और दमकल की टीमें आग बुझाने का प्रयास कर रही हैं। हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। जानकारी के मुताबिक, सिलेंडरों में लगातार ब्लास्ट से अफरा-तफरी का माहौल है। फिलहाल, जनहानि को लेकर अभी तक कोई स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। सीएम भजनलाल शर्मा ने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस हृदयविदारक घटना से प्रभावित सभी नागरिकों की सुरक्षा और कुशलता के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।
मीडिया खबरों के मुताबिक, मौजमाबाद के पास हुए इस हादसे की चपेट में करीब 7 गाड़ियां आ गई हैं, जिससे बड़े नुकसान की आशंका है। PTI के हवाले से पुलिस ने बताया कि मंगलवार रात जयपुर-अजमेर राजमार्ग पर एलपीजी सिलेंडर ले जा रहे एक ट्रक की दूसरे ट्रक से टक्कर के बाद उसमें आग लग गई। राजस्थान के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा ने ट्वीट किया कि जयपुर-अजमेर राजमार्ग पर मोजमाबाद क्षेत्र में सावरदा पुलिया के पास गैस सिलेंडर से भरे ट्रक की टक्कर के बाद लगी भीषण आग की सूचना मिलने पर मैं तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गया हूं। पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में लगी हुई हैं और आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।
बताया जा रहा है कि LPG गैस सिलेंडर से भरे ट्रक को ट्रेलर ने टक्कर मार दी, जिससे ट्रक पलट गया, जिससे बाद करीब 10 किलोमीटर दूर तक तेज धमाके सुनाई दे रहे हैं। सिलेंडर दूर खेतों पर जाकर गिरे लगातार फटते रहे, जिससे आग की ऊंची लपटों के धमाकों से पूरा इलाका गुंजायमान हो गया। हालांकि, ये हादसा बस्ती से थोड़ा दूर होना बताया जा रहा है।
