जयपुर जंक्शन और गांधी नगर स्टेशन के बाद अब रेलवे छोटे स्टेशनों पर भी सुविधाएं बेहतर करने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। इसी कड़ी में जगतपुरा और फुलेरा स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 13.63 करोड़ रुपये की लागत से एस्केलेटर लगाए जाएंगे। फुलेरा स्टेशन पर छह एस्केलेटर लगेंगे, जिन पर करीब 8.98 करोड़ रुपये खर्च होंगे और इससे प्रतिदिन लगभग 48,000 यात्रियों को फायदा मिलेगा।
फिलहाल, यात्रियों को प्लेटफार्म बदलने के लिए सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ता है। मार्च में रेलवे जीएम अमिताभ ने एस्केलेटर लगाने की मंजूरी दी थी, लेकिन जयपुर मंडल द्वारा अब तक टेंडर जारी नहीं किए गए हैं। इसके अलावा, श्योसिंहपुरा और पड़ीसल में कुल 20 करोड़ रुपये की लागत से नए फ्रेट टर्मिनल बनाने की योजना है। वहीं, नींदड़ बैनाड़ स्टेशन के पास लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत में नया गुड्स शेड तैयार किया जाएगा।
खातीपुरा स्टेशन पर मल्टीलेवल पार्किंग का प्रस्ताव भी चर्चा में है। सीएस सुधांश पंत ने इसके निर्माण के निर्देश दिए हैं, लेकिन उपयुक्त जमीन का चयन अब तक नहीं हो पाया है। जिस स्थान पर पार्किंग बनाने का सुझाव दिया गया था, वहां अब रेलवे क्वार्टर बन चुके हैं। पहले जीएम विजय शर्मा ने इसी स्थान पर पार्किंग विकसित करने का निर्देश दिया था, मगर उनके सेवानिवृत्त होने के बाद यह योजना ठंडे बस्ते में चली गई।
