जयपुर

Rajasthan: झालावाड़ हादसे का बाद एक्शन में सरकार, जर्जर भवनों की पहचान कर किया जाएगा जमींदोज

Rajasthan: राजस्थान से झालावाड़ जिले में स्कूल की छत गिरने से हुए हादसे के बाद प्रदेश सरकार एक्शन मोड में आ गई है। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने शिक्षा एवं विभाग के आला अधिकारियों के साथ बैठक की और जर्जर भवनों को चिह्नित कर जमींदोज करने के निर्देश दिए।

Image

राजस्थान में जर्जर भवनों की पहचान कर किया जाएगा जमींदोज (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)

Rajasthan: राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने दो दिन पूर्व झालावाड़ जिले के मनोहर थाना में स्कूल की छत गिरने से हुए दर्दनाक हादसे को लेकर रविवार को शिक्षा एवं विभाग के आला अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो इसको लेकर किए जाने वाले उपायों पर विचार किया गया तथा भविष्य की योजना बनाने के निर्देश दिए गए।

जर्जर भवनों को किया जाएगा जमींदोज

एक सरकारी बयान के अनुसार प्रदेश के सभी स्कूलों का जिलाधिकारी के माध्यम से सर्वेक्षण कराया जा रहा है। सर्वेक्षण में जो विद्यालय भवन जर्जर अवस्था में पाए जाएंगे उन भवनों पर लाल रंग से निशान लगाकर उन्हें बंद किया जाएगा। बयान के अनुसार जर्जर पाए गए भवनों को प्राथमिकता के आधार पर जमींदोज किया जाएगा तथा वहां पर वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए कंटेनर लगाकर कक्षाएं संचालित की जाएंगी। आवश्यकता अनुसार नए भवनों में भी कंटेनर कक्षा लगाने का विचार किया जाएगा।

मरम्मत योग्य भवनों को किया जाएगा सूचीबद्ध

सर्वेक्षण के अनुसार सभी जर्जर भवनों तथा मरम्मत योग्य भवनों का भौगोलिक सूचना प्रणाली आधारित ऐप बनाया जाएगा। जिसे शाला दर्पण से लिंक किया जाएगा तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता तकनीक का प्रयोग किया जाएगा जिससे भवन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बजट प्रावधान किए जाएंगे। बयान के अनुसार आपदा प्रबंधन कोष से बरसात की विभीषिका को देखते हुए आपदा राहत मद के तहत 170 तहसीलों के 7,500 स्कूलों में मरम्मत हेतु डेढ़ सौ करोड़ रुपए के प्रस्ताव स्वीकृत किए जाएंगे। ताकि क्षतिग्रस्त भवनों की मरम्मत कर उन्हें सुरक्षित बनाया जा सके।

पीडब्ल्यूडी से करवाई जाएगी जांच

स्कूल भवन ऑन के निर्माण में गुणवत्ता नियंत्रण के लिए समग्र शिक्षा में एक प्रकोष्ठ का गठन किया जाएगा तथा जिलों में होने वाले निर्माण की गुणवत्ता की जांच पीडब्ल्यूडी के गुणवत्ता जांच प्रयोगशालाओं से कराया जाना सुनिश्चित किया जाएगा। घटिया निर्माण को रोकने के लिए सख्त प्रावधान करते हुए शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री ने निर्देश दिए की निर्माण कार्य की गुणवत्ता घटिया पाए जाने पर निर्माण करता ठेकेदार सहित संबंधित अभियंता की जिम्मेदारी तय करते हुए उनसे वसूली की जाएगी।

सरकारी के साथ निजी स्कूलों का भी होगा सर्वे

प्रदेश के निजी स्कूलों का भी सर्वे होगा ताकि इन स्कूलों में भी पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। निजी स्कूलों में बच्चों को लाने ले जाने वाले वाहनों की सुरक्षा जांच, वाहन फिटनेस तथा वाहन चालक की मेडिकल जांच सहित शिक्षा विभाग द्वारा अन्य सुरक्षा मानकों की निगरानी की जाएगी। दुर्घटनाओं में जान माल का नुकसान ना हो इसके लिए स्कूल विकास एवं प्रबंधन समितियां को प्राथमिक उपचार तथा अग्निशमन उपाय का तत्काल प्रशिक्षण दिया जाएगा।

बयान में बताया गया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार शिक्षा मंत्री प्रदेश के सभी विधायकों एवं प्रदेश के सांसदों से उनके विकास कोष से इस वर्ष की 20 प्रतिशत राशि देने की मांग करेंगे। साथ ही डांग विकास योजना, मगरा विकास योजना, मेवात विकास योजना में 15 प्रतिशत से बढ़ाकर की गई 20 प्रतिशत राशि का भी संबंधित विभाग के मंत्री को पत्र भेजकर मांग की जाएगी। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने आगामी दिवसों में दक्षिण पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए क्षेत्र के सभी जिलों में अवकाश करने हेतु जिलाधिकारियों को अधिकृत कर दिया है।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article