बाड़मेर : भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) की सतर्कता एक बार फिर बड़ी सफलता लेकर आई है। बाड़मेर जिले के सेड़वा थाना क्षेत्र में बीएसएफ की 83वीं बटालियन ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए दो पाकिस्तानी नागरिकों को भारतीय सीमा में प्रवेश करते समय पकड़ लिया। इनमें एक 47 वर्षीय व्यक्ति और उसका 7 वर्षीय बेटा शामिल है।
जानकारी के अनुसार, बीएसएफ जवानों ने जानपालिया बॉर्डर पोस्ट के पास संदिग्ध गतिविधि देखी। इसके बाद तुरंत अलर्ट जारी कर जवानों ने इलाके की घेराबंदी की और दोनों को ‘जीरो पॉइंट’ के पास, अंतरराष्ट्रीय सीमा पिलर संख्या 892 के समीप डिटेन कर लिया। पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम कान जी पुत्र रायमल (उम्र 47 वर्ष, जाति भील, निवासी गांव हिमारी, थाना बलिहारी, जिला थारपारकर, पाकिस्तान) बताया, जबकि बच्चे का नाम चमन पुत्र कान जी (उम्र 7 वर्ष) बताया गया है।
अवैध दस्तावेजों के किया सीमा पार
बीएसएफ अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में कान जी ने बताया कि उसकी बहन की शादी भारत में हुई है और वह उससे मिलने के उद्देश्य से बिना वैध दस्तावेजों के सीमा पार कर गया। हालांकि, बीएसएफ ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है और सुरक्षा एजेंसियां अब दोनों से गहन पूछताछ कर रही हैं।
बाड़मेर पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि बीएसएफ द्वारा दोनों पाक नागरिकों को हिरासत में लेकर प्रारंभिक पूछताछ के बाद सेड़वा थाना पुलिस को सौंपा गया है। आगे की जांच अब पुलिस और खुफिया एजेंसियों की संयुक्त टीम करेगी।
एसपी मीणा ने कहा कि फिलहाल यह जांच की जा रही है कि दोनों ने सीमा पार किस उद्देश्य से किया और कहीं यह कोई खुफिया या संदिग्ध गतिविधि से जुड़ा मामला तो नहीं है। पूछताछ के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बाड़मेर-जैसलमेर बॉर्डर क्षेत्र में अक्सर चरवाहों या स्थानीय समुदायों के लोग गलती से सीमा पार कर जाते हैं, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां हर बार सतर्कता बरतते हुए किसी भी संभावित खतरे को टालने में सफल रहती हैं। बीएसएफ की इस कार्रवाई से एक बार फिर साबित हुआ है कि सीमा पर सुरक्षा चक्र पूरी तरह मजबूत और सक्रिय है।
