जयपुर

पुणे से जोधपुर आ रही फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला

Flight Bomb Threat: जोधपुर में रविवार को पुणे से जोधपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी मिली। जिसके बाद फ्लाइट को लैंड कराया गया और सुरक्षा एंजसियों ने पूरे विमान की स्कैनिंग की। लेकिन अभी तक कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली है।

Image

फ्लाइट में बम की धमकी (सांकेतिक फोटो)

Flight Bomb Threat: राजस्थान के जोधपुर में रविवार को इंडिगो की पुणे से जोधपुर आ रही फ्लाइट 6ई133 को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इसके बाद यहां हवाई अड्डे पर पहुंचकर पुलिस टीम ने फ्लाइट के लैंड करने के बाद विमान की पूरी जांच की, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। फ्लाइट 6ई133 को बम से उड़ाने की धमकी के बाद सीआईएसएफ, पुलिस, दमकल, डॉग स्कॉड और पुलिस की टीमों के साथ तमाम एजेंसी मौके पर पहुंची और विमान की गहन जांच की गई।

रिपोर्ट आगे भेजने के बाद रवाना होगा विमान

जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी ईस्ट आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि दोपहर बाद 1.30 बजे करीब सूचना मिली कि पुणे से जोधपुर आ रही फ्लाइट में बम हो सकता है। सभी सुरक्षा एजेंसियों को सक्रिय करके यहां लाया गया। जांच के बाद सभी यात्रियों को जाने दिया गया है। उन्होंने बताया कि धमकी के बाद जांच के दौरान पूरे एयरक्राफ्ट की स्कैनिंग की गई, लेकिन अब तक कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली है। सीआईएसएफ और राजस्थान पुलिस के बम डिस्पोजल यूनिट ने जांच पूरी कर ली है। बाकी की कार्रवाई पूरी कर आगे रिपोर्ट भेजने के बाद विमान को रवाना किया जाएगा।

6 दिन में 70 फ्लाइटों में बम की धमकी

उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से भारतीय एयरलाइंस द्वारा संचालित फ्लाइटों को बम से उड़ाने की कई झूठी धमकियां मिल चुकी हैं। शनिवार को भी विभिन्न एयरलाइनों द्वारा संचालित उड़ानों में बम होने की 30 से अधिक सूचनाएं मिली थीं जो जांच के बाद फर्जी पाई गईं। लगातार मिल रही इन धमकियों से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। छह दिन के भीतर 70 फ्लाइटों में बम की धमकियां मिली हैं। शनिवार को 'नागरिक विमानन सुरक्षा ब्यूरो' (बीसीएएस) ने विमान सेवा कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) के साथ बैठक की थी। राजीव गांधी भवन में नागरिक उड्डयन मंत्रालय के कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान, बीसीएएस के अधिकारियों ने सीईओ को बम की धमकियों से निपटने के लिए मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का पालन करने का निर्देश दिया था।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article