जयपुर

'CM भजनलाल से पूछिए, क्यों नहीं रद्द की जा रही SI भर्ती परीक्षा'; उन्हीं के मंत्री ने कही यह बात

SI Recruitment Exam: राजस्थान सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री ने गुरुवार को कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से पूछा जाना चाहिए कि पुलिस उपनिरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा-2021 को रद्द क्यों नहीं किया गया है। राज्य सरकार द्वारा एसआई भर्ती परीक्षा रद्द नहीं किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह तो सरकार से पूछिए और सरकार के मुखिया (मुख्यमंत्री) से पूछिए।

Image

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (फोटो साभार: @BhajanlalBjp)

Photo : Twitter

SI Recruitment Exam: राजस्थान सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री ने गुरुवार को कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से पूछा जाना चाहिए कि पुलिस उपनिरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा-2021 को रद्द क्यों नहीं किया गया है।

किरोड़ लाल मीणा ने क्या कुछ कहा?

एसआई भर्ती परीक्षा-2021 को रद्द करने के लिए मुखर रहे कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान दल (SOG), पुलिस मुख्यालय, महाधिवक्ता और एक मंत्रिमंडलीय समिति आदि ने यह परीक्षा रद्द करने की सिफारिश की है। राज्य सरकार द्वारा एसआई भर्ती परीक्षा रद्द नहीं किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह तो सरकार से पूछिए और सरकार के मुखिया (मुख्यमंत्री) से पूछिए। मीणा ने कहा, ''चूंकि मामला अदालत में लंबित है, इसलिए मैं इस पर ज्यादा टिप्पणी नहीं कर सकता।''

अभी लंबित है पेपर लीक की जांच

राजस्थान सरकार ने इससे पहले दिन में राजस्थान हाई कोर्ट में कहा कि भर्ती परीक्षा को जल्दबाजी में रद्द नहीं किया जा सकता, क्योंकि परीक्षा के दौरान कथित 'पेपर लीक' की जांच अभी लंबित है।

मीणा ने कहा, ''चूंकि मैंने इस मुद्दे को लेकर आंदोलन किया था इसलिए भावनात्मक लगाव है इसलिए मैं फिर मुख्यमंत्री जी से निवेदन करूंगा कि इसे रद्द किया जाए'' उन्होंने पूछा कि अगर परीक्षा रद्द नहीं की गई तो थानों में बड़ी संख्या में फर्जी थानेदार लगेंगे। तब कानून-व्यवस्था की स्थिति क्या होगी?

मीणा के भाई ने गंवाया था चुनाव

जाहिर तौर पर पार्टी के कुछ सदस्यों के साथ मीणा के मतभेद माने जाते हैं। लोकसभा चुनाव में राज्य में कुछ सीट पर भाजपा की हार के बाद मीणा ने अपना इस्तीफा सौंप दिया था, लेकिन मुख्यमंत्री शर्मा ने इसे स्वीकार नहीं किया। पार्टी ने नवंबर में विधानसभा उपचुनाव में मीणा के भाई जगमोहन को दौसा सीट से मैदान में उतारकर उन्हें शांत करने की कोशिश की। हालांकि, जगमोहन चुनाव हार गए। मीणा ने हार के लिए पार्टी के कुछ नेताओं को जिम्मेदार ठहराया।

मीणा लगातार एसआई भर्ती परीक्षा-2021 को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि 859 एसआई पदों को भरने के लिए रिक्तियां घोषित की गई थीं। मामले में गड़बड़ी सामने आने पर 50 प्रशिक्षु उपनिरीक्षक और राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) के दो सदस्यों सहित कुल 150 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस मुख्यालय और राज्य सरकार के महाधिवक्ता ने परीक्षा रद्द करने की सिफारिश की थी। एसआई भर्ती परीक्षा-2021 रद्द करने या न करने का निर्णय लेने के लिए एक अक्टूबर 2024 को छह मंत्रियों की मंत्रिमंडलीय समिति बनाई गई थी। मामले की जांच राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान दल (SOG) द्वारा की जा रही है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article