Rajasthan Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: राजस्थान में मॉनसून की चाल धीमी बनी हुई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को कई जिलों में बारिश की संभावना जताई थी। साथ ही चार जिलों में भारी बारिश का अलर्ट भी था। लेकिन पूर्वानुमान के बावजूद अच्छी बारिश नहीं हुई। हालांकि जोधपुर समेत एक दो जगहों पर हल्की बारिश हुई, लेकिन बाकी के इलाके सूखे ही रहे। इस बीच आज फिर से मौसम विभाग ने राजस्थान में बारिश का अनुमान जताया है। इस दौरान प्रदेश के आधा दर्जन से अधिक जिलों में भारी बारिश होने की भी संभावना है।
मौसम विभाग ने आज राजस्थान के 31 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। जिनमें से 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। इन जिलों में उदयपुर, कोटा, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, बारां, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर और झालावाड़ शामिल हैं। इस दौरान पश्चिमी राजस्थान के कुछ जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलने की संभावना है।
राजस्थान में मॉनसून की चाल सुस्त पड़ने से गर्मी के तेवर देखने को मिले हैं। बारिश के अभाव में पश्चिमी राजस्थान में तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गया। शुक्रवार को प्रदेश का सबसे गर्म शहर श्रीगंगानगर रहा। यहां का अधिकतम तापमान 43 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा फतेहपुर में 41.2 डिग्री, चूरू में 41 डिग्री, बीकानेर में 40.9 डिग्री, जैसलमेर में 38.2 डिग्री, जोधपुर में 37.1 डिग्री, बाड़मेर में 37 डिग्री और जयपुर में 36.5 तापमान रहा।
