जयपुर में बुलडोजर एक्शन से पहले प्रशासन सतर्क;24 घंटे इंटरनेट और सोशल मीडिया बंद, 22 जून तक धारा 163 लागू
जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) द्वारा 8 जून को प्रस्तावित 'अतिक्रमण हटाओ' अभियान से पहले जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े एहतियाती कदम उठाए हैं। संभावित तनाव और अफवाहों को रोकने के उद्देश्य से शहर के कई इलाकों में 24 घंटे के लिए मोबाइल इंटरनेट और सोशल मीडिया सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित करने का आदेश जारी किया गया है।
व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम का भी नहीं कर पाएंगे इस्तेमाल
संभागीय आयुक्त वी. सरवन कुमार ने इस बाबत आदेश जारी किया है। इस आदेश में कहा गया है कि 7 जून की मध्यरात्रि से 8 जून की मध्यरात्रि तक जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के साथ-साथ जयपुर उत्तर और जयपुर पूर्व जिलों के सभी थाना क्षेत्रों में 2जी, 3जी, 4जी और 5जी मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी। इस अवधि में व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स तथा बल्क एसएमएस और एमएमएस सेवाओं पर भी रोक लागू रहेगी।
इसलिए लिया गया ये निर्णय
प्रशासन का कहना है कि इंटरनेट आधारित माध्यमों के जरिए अफवाहें फैलने,भड़काऊ संदेश प्रसारित होने और सार्वजनिक शांति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की भ्रामक सूचना या तनावपूर्ण स्थिति को रोकना प्राथमिकता है।
इन इलाकों में रहेगा इंटरनेट बैन
इंटरनेट प्रतिबंध का दायरा शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के अनेक थाना इलाकों तक फैला हुआ है। इनमें गलता गेट, माणक चौक, सुभाष चौक, आदर्श नगर, ब्रह्मपुरी, नाहरगढ़, कोतवाली, जलूपुरा, शास्त्रीनगर, विद्याधर नगर, बनीपार्क, वैशाली नगर, मालवीय नगर, सांगानेर, प्रतापनगर, बगरू, दूदू, फागी, फुलेरा सहित कई अन्य क्षेत्र शामिल हैं।
लागू की गई बीएनएसएस की धारा 163
इसके अलावा प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत भी प्रतिबंधात्मक आदेश लागू करने का फैसला किया है। यह व्यवस्था 22 जून तक प्रभावी रहेगी। आदेश के तहत सार्वजनिक स्थानों पर पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक रहेगी, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वॉयस कॉल और आवश्यक संचार सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी तथा इन पर कोई प्रतिबंध लागू नहीं होगा। जिला प्रशासन ने इस दौरान लोगों से संयम बरतने,अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि प्रतिबंधात्मक आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
