Indore Accident News: इंदौर में राजकुमार ब्रिज के पास बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जहां एक बस ने एक्टिवा सवार युवक को पीछे से टक्कर मार दी। जिससे युवक बस के नीचे फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को बस के नीचे से निकाला और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान बस में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में जुट गई। साथ ही तुकोगंज पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।
सांवेर से इंदौर की ओर आ रही थी बस
जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान संतोष के तौर पर हुई है। बुधवार सुबह वह अपनी एक्टिवा से राजकुमार ब्रिज से गुजर रहा था, तभी तेज रफ्तार बस ने पीछे से उसे टक्कर मार दी। यह बस सांवेर से इंदौर की ओर आ रही थी। बस की टक्कर इतनी जोरदार थी कि संतोष एक्टिवा सहित बस के नीचे फंस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए उसे तुरंत नीचे से बाहर निकाला। जिसके बाद उसे गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
बस में कैसे लगी आग?
इस हादसे के कुछ ही मिनटों बाद बस से चिंगारी उठने लगी। देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई। बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद भीड़ ने आक्रोशित होकर बस में आग लगा दी। फायर ब्रिगेड के अनुसार करीब साढ़े 9 बजे यह घटना हुई। उन्हें सूचना मिली कि छोटी ग्वालटोली के आगे की ओर शुक्ला ब्रदर्स की बस में आग लग गई। जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर भेजा गया। एक टैंक पानी डालकर बस में लगी आग पर काबू पा लिया गया है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बस में आग शॉर्ट सर्किट से लगी या जानबूझकर लगाई गई, पुलिस दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।
