Indore News: जिस शहर को देश के सबसे साफ शहर का तमगा मिला हो वहां गंदा पानी पीने से कई लोगों को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है। हैरानी की बात यह है कि यह मामला कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की विधानसभा क्षेत्र भागीरथपुरा का है। यहां नल में आ रहे गंदा पानी को पीने के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई।
कई लोग अस्पताल में भर्ती
स्थानीय लोगों के अनुसार, गंदा पानी पीने से कई लोग उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद निजी अस्पतालों में भर्ती कराए गए हैं, जबकि कुछ का घर पर ही इलाज जारी है। लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से नगर निगम में गंदे पानी की शिकायत की जा रही थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं हुई।
बीमार लोगों से मिले विजयवर्गीय
मामला सामने आने के बाद खुद कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय देर रात अस्पताल पहुंचे और बीमार लोगों से मुलाकात की। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। इस दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि यह जांच का विषय है कि पानी कैसे दूषित हुआ और लापरवाही कहां हुई। फिलहाल प्राथमिकता बीमार लोगों का इलाज है। आगे ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। नगर निगम की टीम ने क्षेत्र में पानी की सप्लाई की जांच शुरू कर दी है और दूषित पानी के स्रोत का पता लगाने की कार्रवाई जारी है।
