शहर

2025 में रेलवे ने चलाई रिकॉर्डतोड़ ट्रेनें, 43 हजार से ज़्यादा दौड़ीं स्पेशल गाड़ियां

रेलवे ने दावा किया है कि भारतीय रेलवे ने 2025 में त्योहारों और बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए 43,000 से अधिक स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स संचालित कीं, जिससे करोड़ों लोगों को राहत मिली।

Image

ट्रेन (सांकेतिक फोटो-Istock)

दिल्ली : रेलवे ने दावा किया है कि भारतीय रेलवे ने 2025 में त्योहारों और बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए 43,000 से अधिक स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स संचालित कीं, जिससे करोड़ों लोगों को राहत मिली। 2025 में आयोजित महाकुंभ के दौरान रेलवे ने अब तक का सबसे बड़ा विशेष ट्रेन अभियान चलाया। 13 जनवरी से 28 फरवरी 2025 के बीच 17,340 स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स चलाई गईं, ताकि देश के कोने-कोने से आने वाले श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के संगम तक पहुंच सकें। यह ऑपरेशन रेलवे की मजबूत योजना और बेहतर समन्वय का बड़ा उदाहरण बना।

होली में रंग, भीड़ नहीं

होलि 2025 के दौरान भी रेलवे ने यात्रियों को निराश नहीं किया। 1 मार्च से 22 मार्च के बीच 1,144 स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं, जो पिछले साल की तुलना में लगभग दोगुनी रहीं। नतीजा यह रहा कि त्योहार की उमंग के साथ सफर भी सुगम बना।

गर्मी की छुट्टियों में भी राहत

गर्मी की छुट्टियों में ट्रेनों में भीड़ आम बात है, लेकिन 1 अप्रैल से 30 जून 2025 के बीच रेलवे ने 12,417 समर स्पेशल ट्रेनें चलाकर यात्रियों को बड़ी राहत दी। छुट्टियों में घर जाने वाले यात्रियों और पर्यटकों के लिए यह व्यवस्था किसी वरदान से कम नहीं रही।

छठ पूजा पर पूर्वांचल को बड़ी सौगात

छठ पूजा 2025 के लिए रेलवे ने खास तैयारी की। 1 अक्टूबर से 30 नवंबर के बीच 12,383 स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स चलाई गईं, जो पिछले साल के मुकाबले कहीं अधिक थीं। इससे बिहार, झारखंड और पूर्वी यूपी जाने वाले यात्रियों को भारी सुविधा मिली।

रेलवे: 2024 से मजबूत हुई नींव

रेलवे की यह शानदार तैयारी 2024 में शुरू हुई मजबूत योजना का नतीजा है। उस साल आस्था स्पेशल, होली, समर और छठ के दौरान हजारों विशेष ट्रेनें चलाकर रेलवे ने अनुभव हासिल किया, जिसे 2025 में और बेहतर तरीके से लागू किया गया।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article