शहर

Heat Score: चेहरे ही नहीं, गर्मी से देश का Heat Map भी हुआ लाल, 47 डिग्री में Heatwave का प्रचंड प्रहार

उत्तर-पश्चिम, मध्य और पश्चिम भारत इन दिनों प्रचंज गर्मी की चपेट में हैं। कई राज्यों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है,, जबकि आने वाले दिनों में फिलहाल राहत की कोई संभावना नहीं है।

Image

प्रचंड गर्मी से लाल हुआ भारत का मैप

Heat Score: देश के बड़े हिस्से में इन दिनों प्रचंड गर्मी और लू (Heatwave) का प्रकोप जारी है। भारत मौसम विभाग (IMD) के कल यानी शनिवार 23 मई के बिल्कुल नए तापमान मानचित्रों के अनुसार उत्तर-पश्चिम, मध्य और पश्चिम भारत के कई राज्यों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है। राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और गुजरात के कई हिस्सों में दिन का तापमान 42 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है।

17 शहरों में पारा 47 डिग्री पहुंचा

शनिवार 23 मई 2026 के तापमान (Heat Map) का विश्लेषण करने पर पता चलता है कि राजस्थान और मध्य भारत के विस्तृत क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है। देश के 17 शहरों में कल तापमान 47 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं दिल्ली-NCR और आसपास के इलाकों में भी तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दोपहर के समय चिलचिलाती धूप के कारण सड़कों पर आवाजाही काफी कम दिखाई दे रही है और लोग घरों के अंदर रहने को मजबूर हैं।

देर रात को भी तपिश बनी हुई है

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ज्यादा बना हुआ है। सूर्यास्त के घंटों बाद भी देर रात को तापमान में अपेक्षित गिरावट देखने को नहीं मिल रही। जिसके कारण लोगों को देर रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। भीषण गर्मी के चलते बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है और कई शहरों में बिजली खपत नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रही है।

अधिकतम तापमान नॉर्मल से 2-5 डिग्री अधिक

तापमान विसंगति (Temperature Anomaly) के मैप बताते हैं कि उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया है। इसके चलते हीटवेव की स्थिति और ज्यादा गंभीर हो गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि शुष्क हवाओं, साफ आसमान और पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) की अनुपस्थिति के कारण गर्मी का असर लगातार बना हुआ है।

Heat Map Hetwave 23rd May

कल के दिन देश में Heat Map कैसा रहा

दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों, खासतौर पर केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बादल छाए रहने से तापमान अपेक्षाकृत कम बना हुआ है। हालांकि, देश के ज्यादातर हिस्सों में गर्मी का प्रचंड प्रकोप जारी है।

इस गर्मी में क्या करें?

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी है। अगर बाहर निकलना जरूरी हो तो सिर और चेहरा ढककर ही निकलें। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article