शहर

Heatwave: भट्टी की तरह तपा मध्य भारत, विदर्भ का ब्रह्मपुरी एक बार फिर देश का सबसे गर्म शहर, आज इन राज्यों में हीटवेव का भीषण अलर्ट

Hottest City: देश में फिलहाल भीषण गर्मी पड़ रही है। IMD ने आज 24 मई को दिल्ली, यूपी, एमपी और विदर्भ में 'भीषण लू' (Severe Heatwave) और गर्म रातों का अलर्ट जारी किया है। आइए जानते हैं कल देश का कौन सा इलाका सबसे गर्म रहा था।

Image

आज दिल्ली-यूपी समेत 6 राज्यों में 'भीषण लू' का अलर्ट

Photo : Times Now Digital

Hottest City in India: उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के साथ-साथ प्रायद्वीपीय भारत के कई राज्य इस समय भीषण लू की चपेट में हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी आधिकारिक बुलेटिन के मुताबिक, कल यानी 23 मई पर महाराष्ट्र का विदर्भ क्षेत्र भीषणतम लू (Severe Heatwave) की मार झेलता नजर आया। कल पूरे देश में सबसे उच्चतम तापमान विदर्भ के ब्रह्मपुरी में 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन के सबसे अधिक तापमान से करीब 0.6 डिग्री कम है, फिर भी यह पूरे भारत का सबसे गर्म शहर रहा।

आज के लिए मौसम विभाग का 'महा-अलर्ट'

मौसम विभाग ने आज (24 मई) के लिए देश के कई राज्यों में भीषण लू और गर्म रातों को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की है।

इन राज्यों में 'भीषण लू' (Severe Heatwave) की आशंका:

गंगा के मैदानी इलाकों और मध्य भारत में गर्म पछुआ हवाओं का कहर जारी रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और विदर्भ के कुछ स्थानों पर लू से लेकर भीषण लू (Severe Heat Wave) की स्थिति रहने की प्रबल संभावना है। इन इलाकों में पारा रिकॉर्ड स्तर पर जा सकता है। इनके अलावा बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, तेलंगाना, पश्चिमी मध्य प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में आज लू चलने की बहुत अधिक संभावना जताई गई है। दोपहर 12 से 4 बजे के बीच लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है।

दिन में उमस तो रात में 'गर्म रातों' (Warm Night) का टॉर्चर

गर्म रातें: उत्तर प्रदेश, तेलंगाना और विदर्भ के कुछ इलाकों में आज रातें भी काफी गर्म रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान अधिक रहने के कारण लोगों को रात के समय भी चैन नहीं मिलेगा। तटीय आंध्र प्रदेश, गंगेटिक पश्चिम बंगाल और ओडिशा में मौसम बेहद गर्म और उमस भरा (Hot and Humid) रहेगा, जिससे पसीने वाली गर्मी लोगों को बेहाल करेगी।

लू से कैसे बचें (How to avoid Heat Stroke in Hindi)

मौसम विभाग ने बढ़ते तापमान को देखते हुए लोगों को दोपहर के समय बिना वजह बाहर न निकलने, शरीर में पानी की कमी न होने देने और हीट स्ट्रोक (लू लगना) से बचने के लिए लगातार पानी, ORS, नींबू पानी या छाछ पीते रहने की सलाह दी है। भीषण गर्मी और लू के प्रकोप से बचने के लिए सबसे जरूरी है कि शरीर में पानी की कमी न होने दें, इसलिए प्यास न लगने पर भी समय-समय पर पानी, ओआरएस (ORS), नींबू पानी, छाछ या नारियल पानी पीते रहें। दोपहर 12 से 4 बजे के बीच, जब धूप सबसे तेज होती है, बाहर निकलने से बचें और यदि निकलना जरूरी हो, तो हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें, सिर को ढंककर रखें, धूप का चश्मा और छाते का प्रयोग करें। खाली पेट घर से बाहर न निकलें और तरबूज, ककड़ी व खीरे जैसे मौसमी फलों का सेवन करें। यदि चक्कर आना, तेज सिरदर्द या बहुत अधिक थकान महसूस हो, तो तुरंत ठंडी जगह पर आराम करें और स्थिति बिगड़ने पर डॉक्टर से संपर्क करें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article