शहर

अभी और तड़पाएगी दिल्ली की गर्मी और यहां बारिश से होगा लोगों का हाल बेहाल

दिल्ली में गर्मी का प्रकोप अभी कुछ और दिन जारी रहेगा। मौसम विभाग ने लू के लिए अलर्ट जारी किया है। उधर उत्तर-पूर्वी भारत में भारी बारिश का दौर जारी है और यहां भारी से बहुत भारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जानें मौसम विभाग ने क्या कहा है-

Image

दिल्ली में भीषण गर्मी का दौर जारी

Photo : Times Now Digital

दिल्ली की सर्दी पर तो गाने भी बन चुके हैं। लेकिन दिल्ली की गर्मी किसी से कम नहीं है। अगर आप दिल्ली में रहते हैं तो आपको पता ही होगा कि पिछले लगभग एक महीने से दिल्ली में कैसी जला देने वाली गर्मी पड़ रही है। अगर आप दिल्ली में नहीं रहते हैं तो समझ लीजिए आप बहुत ही खुशनसीब है, जो इस प्रचंड गर्मी से बचे हुए हैं। बुरी खबर ये है कि दिल्ली में फिलहाल गर्मी और लू (Heatwave) के थपेड़ों से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले कुछ दिनों तक दिल्ली में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले तीन दिन के लिए प्रचंड गर्मी और लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। चलिए जानते हैं इस संबंध में और क्या कहता है मौसम विभाग का ताजा अपडेट -

45 डिग्री की भट्टी में तप रही दिल्ली

मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले तीन दिन के लिए प्रचंड गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। देश की राजधानी दिल्ली में शनिवार 15 जून को 44.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। यह इस मौसम के अधिकतम औसत तामपान से 6 डिग्री ज्यादा था। रविवार 16 जून को दिल्ली का तापमान 44.9 डिग्री पहुंच गया और आज यानी सोमवार 17 जून को अधिकतम 45 डिग्री तक पारा पहुंचा। हालांकि, हवा चलने और आसमान में बादलों की आवाजाही के कारण सोमवार को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली। 45 डिग्री तापमान होने के बावजूद 42 डिग्री जैसा अनुभव हुआ।

अगले कुछ दिन गर्मी से बिल्कुल भी राहत मिलने वाली नहीं है। ऐसे में आपको भीषण गर्मी और लू के लिए तैयार रहना चाहिए। अगले कुछ दिन राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री के आसपास बना रह सकता है।

यहां बारिश से बेहाल

एक तरफ दिल्ली में सूरज आग बरसा रहा है तो दूसरी तरफ पूर्वोत्तर भारत के आसमान में बादलों ने डेरा डाल लिया है। यहां भारी बारिश से लोग बेहाल हैं। अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में आज यानी सोमवार 17 जून और मंगलवार 18 जून को भारी भी बहुत भारी बारिश का अनुमान है। यहां लगातार हो रही बारिश की वजह से लोग अपने दैनिक कार्य भी नहीं कर पा रहे हैं।

बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा सुदूर उत्तर-पूर्वी बिहार के कुछ इलाकों में बिजली कड़कने और तूफान की चेतावनी भी जारी की गई है।

बात करें देश के दक्षिणी हिस्से की तो यहां के शहर, गांव और सभी इलाके बारिश से सराबोर हैं। महाराष्ट्र, के जलगांव, नवसारी, अमरावती और चंद्रपुर में लगातार बारिश हो रही है। इसके अलावा बीजापुर, सुकमा, विजयनगरम, मलकानगिरी और इस्लामपुर में भी बारिश का दौर जारी है। महाराष्ट्र, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में अगले 3-4 दिन तक मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां बिल्कुल अनुकूल बनी हुई हैं।

गुजरात में अटक गया मानसून

गुजरात में इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून अपने तय समय से पहले ही 11 जून को आ गया था। लेकिन पिछले चार-पांच दिनों से यह आगे नहीं बढ़ा है। इससे मानसून को लेकर चिंताएं भी बढ़ गई हैं। अहमदाबाद के मौसम केंद्र में मौसम विज्ञानी रामाश्रय यादव ने बताया कि आमतौर पर 15 जून से 30 जून तक मानसून राज्य के तमाम हिस्सो में फैल जाता है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिन तक राज्य के कई जिलों में कुछ जगहों पर गरज के साथ बारिश हो सकती है। इसमें वलसाड के साथ ही दमन, दादरा और नागर हवेली भी शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार 19 जून को कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article