Budaun Crime News: उत्तर प्रदेश के बदायूं से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। बदायूं ने एक शख्स ने अपनी पत्नी को जिंदा जलाकर मार डाला, क्योंकि उसकी पत्नी ने उसे शराब पीने से मना किया था। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी पति फरार है, जिसे पकड़ने की कोशिश जारी है।
पति ने पत्नी को जिंदा जलाया
पुलिस ने बताया कि आरोपी पति का नाम मुनीश सक्सेना है और वह हमेशा शराब पीता रहता था। वह गुरुवार रात को नशे की हालत में घर पहुंचा और इस घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि इस घटना में महिला (40) की मौके पर ही मौत हो गई।
शराब पीने से रोकने पर घटना को दिया अंजाम
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि जब आरोपी पति घर लौटा तब उसने और शराब पीने की कोशिश की, जिस पर पत्नी ने उसे शराब पीने से रोका। पति इस बात से गुस्सा हो गया और मोटरसाइकिल से पेट्रोल निकालकर पत्नी को जिंदा जला दिया।
महिला को बचाने में सास घायल
पुलिस ने बताया कि मृतक महिला की सास ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह असफल रहीं और इस घटना में उसके हाथ भी झुलस गए। वहीं, अपनी मां को जलते देख दोनों बच्चे ने शोर मचाया, जिसके बाद पड़ोसी उसके घर पहुंचे। इसके बाद पड़ोसियों ने महिला के शरीर में लगी आग बुझाई। साथ ही पुलिस को सूचित किया गया।
पति की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही सास को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने बताया कि यह घटना मुजरिया थाना क्षेत्र के नैथुआ गांव की है। इधर, फरार पति की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं।
