शहर

Jhajjar Encounter: झज्जर में पुलिस मुठभेड़, विजय सैनी हत्याकांड का मुख्य आरोपी संजय बिरधाना ढेर; एक जवान को लगी गोली

हरियाणा के झज्जर में पुलिस मुठभेड़ हुई है। विजय सैनी हत्याकांड का मुख्य आरोपी और कुख्यात बदमाश संजय बिरधाना पुलिस के साथ ताबड़तोड़ फायरिंग में ढेर हो गया है। एक जवान भी घायल है।

Image

कड़ोधा गांव के पास स्पेशल स्टाफ और बदमाश के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग

Photo : Times Now Digital

हरियाणा के झज्जर जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। झज्जर के बेरी थाना इलाके में पुलिस और मोस्ट वांटेड अपराधियों के बीच हुई एक भीषण मुठभेड़ में विजय सैनी हत्याकांड का मुख्य आरोपी और कुख्यात बदमाश संजय बिरधाना मारा गया है। दोनों तरफ से हुई इस ताबड़तोड़ फायरिंग में हरियाणा पुलिस का एक जवान भी घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कड़ोधा गांव के पास आमने-सामने की फायरिंग

मिली जानकारी के अनुसार, झज्जर पुलिस की स्पेशल स्टाफ और सीआईए (CIA) टीम को मुखबिर से इनपुट मिला था कि कुख्यात आरोपी संजय बिरधाना बेरी थाना क्षेत्र के कड़ोधा गांव के पास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहा है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए स्पेशल टीम ने इलाके की घेराबंदी की।

खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाश संजय ने आत्मसमर्पण करने के बजाय सीआईए टीम पर सीधे अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की और दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं।

तीन गोलियां लगने से मौके पर ही ढेर हुआ बदमाश

इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस द्वारा चलाई गई तीन गोलियां सीधे बदमाश संजय बिरधाना को लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह पिछले काफी समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, लेकिन पुलिस की स्पेशल विंग उस पर लगातार नजर बनाए हुए थी। मुठभेड़ के शुरुआती दौर में बदमाश द्वारा की गई फायरिंग में पुलिस टीम का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। जवान के हाथ में गोली लगी है। साथी कर्मचारियों ने उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल जवान की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

अस्पताल पहुंचीं पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह

एनकाउंटर और जवान के घायल होने की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी अलर्ट मोड पर आ गए। झज्जर की पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिस जवान से मुलाकात की और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य का अपडेट लिया।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article