शहर

हरियाणा सरकार का जन-सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को लेकर कदम, चाइनीज मांझा पूरी तरह प्रतिबंधित

हरियाणा सरकार ने जन-सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए चाइनीज मांझा पर राज्यभर में पूर्ण प्रतिबंध लागू किया है। यह खतरनाक मांझा मानव जीवन, पशु-पक्षियों और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम पैदा करता है। इसी कारण हरियाणा पुलिस सख्ती से कार्रवाई करते हुए आम नागरिकों से सुरक्षित और कानूनी पतंगबाजी अपनाने की अपील कर रही है।

Image

हरियाणा में चाइनीज मांझा पर बैन (सांकेतिक फोटो)

Haryana News: हरियाणा सरकार ने चाइनीज मांझा जिसमें कांच, धातु या अन्य नुकीले पदार्थों का इस्तेमाल होता है, उनपर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इस मामले में पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव विभाग की अधिसूचना संख्या S.O. 5/C.A.29/1986/S.5/2023 दिनांक 21 मार्च, 2023 के द्वारा राज्य में चाइनीज मांझा के उत्पादन, भंडारण, बिक्री, आपूर्ति, आयात एवं उपयोग पर पूरी तरह रोक लागू है।

हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल के निर्देशानुसार प्रदेश भर में इस प्रतिबंध का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चाइनीज मांझा मानव जीवन, पशु-पक्षियों और पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है। इसके कारण सड़क हादसे, जानलेवा चोटें और पक्षियों की मौत जैसी घटनाएं सामने आती रही हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस जन-सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस पर पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है।

अनहोनी को रोका जा सके

प्रतिबंधित मांझा बेचने, रखने या इस्तेमाल करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। डीजीपी ने आम नागरिकों से अपील की कि पतंगबाजी के लिए सिर्फ साधारण सूती डोर का ही उपयोग करें और यदि कहीं चाइनीज मांझा का प्रयोग या बिक्री दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि किसी भी अनहोनी को रोका जा सके। उन्होंने बताया कि अधिसूचना के अनुसार केवल साधारण सूती (कॉटन) डोर से ही पतंग उड़ने की अनुमति है, जो किसी भी प्रकार के कांच, धातु, रासायनिक लेप अथवा थ्रेड स्ट्रेंथनिंग सामग्री से मुक्त हो।

सिर्फ कानूनी अपराध नहीं है

प्रतिबंधित मांझा का उपयोग न सिर्फ कानूनी अपराध है, बल्कि यह मानव जीवन, वन्यजीव एवं सार्वजनिक संपत्ति के लिए भी गंभीर खतरा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सभी सीपी/एसएसपी, रेंज अधिकारी एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क निगरानी रखें, प्रतिबंधित मांझा बेचने वालों व उपयोगकर्ताओं के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करें तथा बाजारों में नियमित जांच एवं जब्ती अभियान चलाएं।

सुरक्षित पतंगबाजी को अपनाएं

महानिदेशक अजय सिंघल ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के प्रतिबंधित मांझा की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या प्रशासन को दें। हरियाणा पुलिस आम जनता से सहयोग की अपील करती है कि वे सुरक्षित पतंगबाजी को अपनाएं और कानून का पालन कर समाज को सुरक्षित बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!