ग्वालियर पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाली एक शातिर गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनमें कथित दुल्हन भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, दुल्हन नाबालिग बताई जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
यह पूरा मामला बीते दिन दाल बाजार इलाके का है, जहां नोटरी पर शादी के कुछ समय बाद दुल्हन की किडनैपिंग का फिल्मी अंदाज में ड्रामा रचा गया। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। फुटेज में साफ देखा गया कि कैसे एक कार को अचानक रोका गया और बाइक व स्कूटी सवार चार बदमाश दुल्हन को जबरन खींचकर अपने साथ ले जाते नजर आए।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
घटना को थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर अंजाम दिया गया, जिससे पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए। दिनदहाड़े लोगों की भीड़ के सामने कार से दुल्हन को घसीटकर ले जाने की वारदात से पूरे शहर में सनसनी फैल गई थी।
पीड़ित परिवार ने क्या सुनाई आपबीती?
शिवपुरी लिंक रोड निवासी महेंद्र पाराशर ने थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई। उन्होंने बताया कि उनका बेटा अश्मित मंदबुद्धि है और लंबे समय से उसकी शादी नहीं हो पा रही थी। इसी बीच मुरैना निवासी बंटी धाकड़ से संपर्क हुआ, जिसने शादी कराने का झांसा दिया। महेंद्र पाराशर ने बंटी धाकड़ को दो लाख रुपये देकर नोटरी के जरिए अपने बेटे की शादी करवाई। शादी के लगभग दो घंटे बाद जब परिवार दूल्हा-दुल्हन को कार से घर ले जा रहा था, तभी बंटी धाकड़ ने अपने तीन नकाबपोश साथियों के साथ मिलकर दुल्हन की कथित किडनैपिंग को अंजाम दिया।
गिरोह का मास्टरमाइंड है बंटी धाकड़
पुलिस जांच में सामने आया है कि बंटी धाकड़ इस ठगी गिरोह का मास्टरमाइंड है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के अनुसार, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। इनमें दुल्हन के अलावा एक अन्य महिला भी शामिल है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया है कि वे इससे पहले राजस्थान में भी इसी तरह की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और आगे और खुलासे होने की संभावना है।
ग्वालियर के एसएसपी, धर्मवीर सिंह ने इस मामले पर जानकारी देते हुए कहा, “दुल्हन की किडनैपिंग की घटना पूरी तरह से फर्जी निकली है। शादी के नाम पर ठगी करने वाली गैंग सक्रिय थी। चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें दुल्हन भी शामिल है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।”
