शहर

गुरुग्राम में बारिश का कहर : NH-48 धंसने से दिल्ली-जयपुर हाईवे पर ट्रैफिक डायवर्ट; वर्क फ्रॉम होम करेंगे कॉर्पोरेट कर्मचारी!

गुरुग्राम में भारी बारिश के बाद नरसिंहपुर के पास NH-48 का एक हिस्सा धंसने से दिल्ली-जयपुर हाईवे की दो लेन बंद कर दी गईं। इफको चौक से नरसिंहपुर तक जाम की स्थिति बनी। पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग अपनाने और कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी।

Image

दिल्ली-जयपुर हाईवे (NH-48) का एक हिस्सा धंसा (NHAI)

गुरुग्राम में मंगलवार को हुई लगातार भारी बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी। कई इलाकों में जलभराव के बीच दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) पर नरसिंहपुर के पास सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिससे यातायात प्रभावित हो गया। एहतियात के तौर पर हाईवे की दो लेन को बंद कर दिया गया है। इतना ही नहीं जलभराव समेत कई अन्य अव्यवस्थाओं को देखते हुए कॉर्पोरेट कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी गई है।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के मुताबिक, NH-48 के दिल्ली-जयपुर साइड पर नरसिंहपुर के पास यह स्थानीय स्तर का धंसाव हुआ है। जिस स्थान पर सड़क धंसी है, वहां गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) की ओर से पाइप कल्वर्ट डालने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान हाईवे का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

NHAI ने बताया कि सड़क सुरक्षा को देखते हुए तुरंत दो लेन बंद कर दी गई हैं। यातायात प्रबंधन के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं और GMDA की टीम मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य में जुट गई है। NHAI ने कहा कि वह संबंधित एजेंसी के साथ लगातार समन्वय कर रहा है, ताकि जल्द से जल्द सड़क को सामान्य स्थिति में लाया जा सके।

ट्रैफिक प्रभावित होने की संभावना

हाईवे पर लेन बंद होने के कारण जयपुर की ओर जाने वाला ट्रैफिक प्रभावित होने की संभावना है। इफको चौक से नरसिंहपुर तक करीब 8 से 10 किलोमीटर लंबा जाम लगने की आशंका जताई गई है। दिल्ली पुलिस ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी कर प्रभावित मार्ग से बचने और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।

यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे जहां संभव हो, अर्बन एक्सटेंशन रोड (UER)-द्वारका एक्सप्रेसवे मार्ग का इस्तेमाल करें और प्रभावित क्षेत्र के पास धीमी गति से वाहन चलाएं।

कॉर्पोरेट कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करने की सलाह

वहीं, भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने कॉर्पोरेट कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करने की सलाह दी है। पुलिस ने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए चिन्हित स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। गुरुग्राम पुलिस की टीमें जलभराव वाले इलाकों और प्रमुख सड़कों पर लगातार निगरानी कर रही हैं, ताकि ट्रैफिक को नियंत्रित किया जा सके और लोगों को परेशानी से बचाया जा सके। NHAI ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे मौके पर जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और सुरक्षित यात्रा करें।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article