Gurugram Murder News: गुरुग्राम सोमवार रात को गोलियों की गड़गड़हाट से गूंज उठा। जहां अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। वह किसी काम से दिल्ली से गुरुग्राम आया था। इसी दौरान बदमाशों ने उसपर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। पुलिस को घटनास्थल पर दर्जनों गोलियों के खोल बिखरे मिले। गुरुग्राम पुलिस इस मामले में रंजिशन हत्या, गैंगवार समेत कई एंगल से जांच कर रही है।
बदमाशों ने युवक को मारी 10 गोलियां
गुरुग्राम में सेक्टर 77 में एसपीआर रोड पर एक युवक फ्रोंक्स कार से एक शराब के ठेके के पास पहुंचा था। इसी दौरान रात के करीब साढ़े आठ बजे अज्ञात हमलावरों ने उसपर हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक को करीब 10 गोलियां मारी। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया।
घटनास्थल पर मिली दिल्ली की कार
पुलिस को घटनास्थल से दिल्ली के नंबर की एक कार मिली है। जब कार मालिक से संपर्क किया गया, तब पता चला कि उसने अपनी कार किसी जानकार को दी थी। कार मालिक ने बताया कि उसे मृतक की पहचान के बारे में नहीं पता है। उसने पुलिस को मंगलवार सुबह आकर मृतक की पहचान करने को कहा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
