गुरुग्राम

Nuh में शोभायात्रा पर अड़ी VHP: बोली- परमिशन की नहीं है जरूरत, रुख देख जिले में लगी धारा 144; नेट भी बैन

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Aug 26, 2023, 09:56 PM IST

Nuh Latest News in Hindi: दरअसल, नूंह के अधिकारियों ने 28 अगस्त को धार्मिक यात्रा आयोजित करने की अनुमति देने से हाल में इन्कार कर दिया था। वैसे, इससे पहले 31 जुलाई को हुई सांप्रदायिक हिंसा के चलते शोभायात्रा बाधित हो गई थी।

Image

तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (फाइल)

Photo : BCCL

Nuh Latest News in Hindi: देश की राजधानी दिल्ली से सटे हरियाणा के नूंह जिले में हिंदू संगठन फिर से ‘शोभायात्रा’ (ब्रजमंडल शोभा यात्रा) निकालने पर अड़े हैं। उन्होंने यात्रा निकालने का आह्वान किया है। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) से जुड़े हुए डॉ.सुरेंद्र जैन ने इस बाबत शनिवार (26 अगस्त, 2023) को समाचार एजेंसी से बात की। जिले में विहिप की यात्रा को लेकर उन्होंने बताया, "धार्मिक रैली के लिए किसी मंजूरी की जरूरत नहीं पड़ती है...प्रशासन तो खुद आगे आता है और ऐसी रैलियों के लिए समर्थन देता है।"

सूबे में सीएम मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार ने इसके मद्देनजर नूंह जिले में 28 अगस्त तक मोबाइल इंटरनेट और ‘बल्क एसएमएस’ सेवा को बंद करने का आदेश दे दिया है। नूंह के डिप्टी कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा ने बताया- हमने ब्रजमंडल शोभा यात्रा के लिए मंजूरी देने से इन्कार कर दिया। फिर भी कुछ लोगों ने कहा कि वे यात्रा निकालेंगे। हमने जिले में धारा 144 लगा दी है। इंटरनेट सेवा भी 27 अगस्त की रात 12 बजे से 29 अगस्त तक (रात 12 बजे) के लिए निलंबित कर दी गई हैं।

वॉयस कॉल को छोड़कर मोबाइल नेटवर्क पर प्रदान की जाने वाली सभी डोंगल सेवा भी अस्थायी रूप से बंद रहेंगी। वहीं, यात्रा के मद्देनजर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) शत्रुजीत कपूर ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए सीमावर्ती राज्यों के सीनियर अफसरों के साथ मीटिंग की अध्यक्षता की। उन्होंने इस दौरान स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए समन्वित प्रयास की अपील की। इस बैठक में पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के सीनियर पुलिस अधिकारी शामिल हुए।

विहिप की ‘शोभायात्रा’ पर 31 जुलाई को भीड़ की ओर से हमला किए जाने के बाद जिले में सांप्रदायिक हिंसा भड़क गई थी, जिसमें दो होम गार्ड और एक इमाम सहित छह लोगों की मौत हो गई थी। बाद में जिले में ‘सर्व जातीय हिंदू महापंचायत’ हुई थी, जिसमें 28 अगस्त को फिर से ‘बृजमंडल शोभायात्रा’ निकालने का आह्वान किया गया था।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article