Gurugram: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे के फेज-1 पर गुरुग्राम के सोहना से राजस्थान के दौसा तक वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। इस एक्सप्रेसवे पर वाहनों के परिचालन को लेकर नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने एक गैजेट नोटिफिकेशन जारी किया है। इसमें टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर व्हीकल, नॉन-मोटराइज्ड व्हीकल और ट्रैक्टर के एक्सप्रेसवे पर प्रवेश पर रोक लगाने की जानकारी दी गई है। इस रोक की वजह बताते हुए एनएचएआई की तरफ से नोटिफिकेशन में कहा गया है कि, इस एक्सप्रेसवे को हाई स्पीड कॉरिडोर के तौर पर विकसित किया गया है। इस पर वाहनों की रफ्तार बहुत तेज रहेगी। इसलिए एक्सप्रेसवे पर धीमी रफ्तार में चलने वाले वाहनों की वजह से दुर्घटना की संभावना बढ़ सकती है।
इस नोटिफिकेशन को एनएचएआई प्रमुख संतोष कुमार यादव द्वारा जारी किया गया है। इसमें एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रोक की जानकारी देते हुए यह भी बताया गया है कि, अगर ये वाहन एक्सप्रेसवे पर चढ़ते हैं तो इनसे भारी जुर्माना वसूल किया जाएगा। इन वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए एनएचएआई ने अभी एक्सप्रेसवे के सभी एंट्री और एग्जिट प्वाइंट को तैनात किया है। ये टीमें अभी सिर्फ ऐसे वाहनों को एक्सप्रेसवे पर आने से रोकने के अलावा वाहन चालकों को जागरूक करेंगी। अगले माह से जुर्माना लगाने की प्रक्रिया शुरू होगी। बता दें कि इस एक्सप्रेसवे के लिए एनएचएआई द्वारा विभिन्न मोटर वाहनों के लिए अधिकतम स्पीड लिमिट 80 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच तय की है।
