गुरुग्राम

कांग्रेस पर बिफरे सीएम सैनी, कहा-हार की नाकामी से बौखलाए हैं कांग्रेसी; BJP ने जो कहा वो किया

हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा अपने वादे पूरे करती है। सैनी ने आरोप लगाया कि युवाओं ने नौकरियों में पक्षपात के कारण (तत्कालीन) कांग्रेस शासन के दौरान उसपर विश्वास खो दिया था।

Image

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने वादे पूरे करती है और उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भाजपा नीत राज्य सरकार ने अपने 10 साल के शासन के दौरान कई कल्याणकारी निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता में रहने के दौरान किये अपने वादे पूरे करने में नाकाम रही कांग्रेस के ठीक उलट भाजपा ने अपने वादे पूरे किये हैं। भाजपा एक अक्टूबर को होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव में जीत हासिल कर लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की उम्मीद कर रही है। परिणाम चार अक्टूबर को घोषित किये जाएंगे।

1.50 लाख से अधिक लोगों को सरकारी नौकरियां दी

रोहतक में पार्टी के राज्य चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद, मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि हरियाणा के लोगों ने भाजपा को सत्ता में बनाये रखने के लिए अपना मन बना लिया है। भाजपा सरकार के समतापूर्ण विकास करने का दावा करते हुए सैनी ने आरोप लगाया कि युवाओं ने नौकरियों में पक्षपात के कारण (तत्कालीन) कांग्रेस शासन के दौरान उसपर विश्वास खो दिया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में 1.50 लाख से अधिक लोगों को सरकारी नौकरियां दी गईं। उन्होंने कहा कि कुछ भर्तियां जारी हैं, लेकिन आदर्श आचार संहिता लागू हो जाने के कारण उनका परिणाम चुनाव के बाद घोषित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने योग्यता के आधार पर भर्ती की है, जिससे गरीब परिवारों के सदस्यों को नौकरियां मिली हैं।

500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर मिलेगा

सैनी ने हाल में लिये गए सरकार के फैसले का भी जिक्र किया, जिसके तहत प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत लाभार्थी परिवारों को 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर मिलेगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष इस वजह से घबराया हुआ है। उन्होंने कहा कि मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि यह कोई घोषणा नहीं है, बल्कि हमारी सरकार ने इसे लागू किया है।’’ सैनी ने कहा कि भाजपा ने जो वादा किया था, उसे पूरा किया है।

उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में थी, तो उसने गरीबों को 100 वर्ग गज के भूखंड का वादा किया था, लेकिन लाभार्थियों को न तो इन भूखंडों के कोई कागजात मिले और न ही कब्जा मिला। उन्होंने कहा कि वे दर-दर भटकते रहे और भाजपा सरकार ने उन्हें जमीन का कब्जा और दस्तावेज सौंपा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने एक योजना भी बनाई है कि जिन गरीब लोगों को भूखंड नहीं मिला है, उन्हें भी पंजीकरण कराना चाहिए। योजना की घोषणा के तुरंत बाद आदर्श आचार संहिता लागू हो गई। अन्यथा, 50,000 से 60,000 लाभार्थियों को भूखंड दे दिये गए होते।

सैनी ने कहा कि चार अक्टूबर के बाद, जिन लोगों को भूखंड नहीं मिले हैं लेकिन पंजीकरण कराया है, उन्हें भाजपा सरकार द्वारा भूखंड दिए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी सत्ता में फिर से आएगी।

(इनपुट-आईएनएस)

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article