गुरुग्राम

Gurugram: पति को धोखा देकर प्रेमी के साथ फुर्र हुई पत्नी, दुखी पति ने ढाई साल के बेटे संग दे दी जान

  • Reported by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 14, 2022, 01:38 PM IST

Gurugram: पत्‍नी के प्रेम संग भाग जाने से आहत एक युवक ने बेटे संग चौमा रेलवे फाटक के पास ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। इस घटना में पिता और ढाई साल के बेटे की मौत हो गई। पिता और पुत्र का शरीर रेलवे ट्रैक पर काफी दूर तक बिखरा हुआ मिला। गुरुग्राम जीआरपी मामला दर्ज कर पूरी घटना की जांच कर रही है।

Image

बेटे संग ट्रेन के आगे कूदकर युवक ने दी जान

KEY HIGHLIGHTS
  • पत्‍नी एक साल की बेटी को भी ले गई अपने साथ
  • मायके जाने का बहाना बनाकर प्रेम संग भागी पत्‍नी
  • रेलवे ट्रैक पर काफी दूर तक बिखरा मिला दोनों का शव

Gurugram: गुरुग्राम में रेवाड़ी-दिल्ली रेलमार्ग पर चौमा रेलवे फाटक के पास एक व्‍यक्ति ने अपने दो साल के बेटे के साथ ट्रेन के आगे कूद कर सुसाइड कर लिया। मृतक अहमदाबाद से दिल्ली की तरफ जा रही राजधानी ट्रेन के सामने अपने बच्‍चे को गोद में लेकर कूदा। पिता और पुत्र का शरीर रेलवे ट्रैक पर काफी दूर तक बिखरा हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि, युवक की पत्नी पिछले सप्‍ताह घर छोड़कर अपने प्रेमी के साथ भाग गई है। जिसके बाद से युवक परेशान था और ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी।

गुरुग्राम जीआरपी के अनुसार, मृतक की पहचान बजघेड़ा गांव के रहने वाले 35 वर्षीय महेंद्र के तौर पर हुई है। जांच में पता चला है कि, मृतक की करीब छह साल पहले चौमा की रहने महिला के साथ शादी हुई थी। करीब छह दिन पहले महिला अपने पति से मायके जाने की बात कह कर अपनी एक साल की बेटी के साथ घर से चौमा के लिए निकली थी। हालांकि वह मायके जाने की जगह एक युवक के साथ भाग गई। बताया जा रहा है कि, युवक उसके मायके के पास ही रहता था और उससे लंबे समय से महिला का प्रेम प्रसंग चल रहा था। यह जानकारी मिलने के बाद से ही महेंद्र परेशान रहने लगा।

बेटे को साइकिल से घुमाने निकला और दे दी जान

महेंद्र के परिजनों ने बताया कि, वह रविवार को अपने ढाई साल के बेटे पुनीत को लेकर साइकिल से निकला था। उसने अपनी मां को बताया था कि, बेटा परेशान कर रहा है, इसलिए वह उसे घुमाने ले जा रहा है और थोड़ी देर में वापस आ जाएगा। घर से निकलकर महेंद्र सीधे चौमा फाटक के पास पहुंचा और वहां पर बेटे के साथ राजधानी एक्सप्रेस के सामने छलांग लगा दी। ट्रेन के लोको पायलट ने तत्‍काल इस घटना की सूचना बिजवासन रेलवे स्टेशन पर दी। इसके बाद घटना की जानकारी जीआरपी थाना गुरुग्राम को दी गई। रेलवे पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जीआरपी थापा प्रभारी रामफल ने बताया कि, मृतक महेंद्र तीन बच्चों का पिता था। उसका चार साल का एक बेटा दादी के पास है। जांच में पता चला है कि, पत्‍नी के प्रेमी संग भाग जाने के कारण वह परेशान था। पूरे मामले की जांच की जा रही है, कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article