गुरुग्राम

Gurugram: पूर्व टेनिस प्लेयर राधिका यादव मर्डरकेस में 254 पेज की चार्जशीट दाखिल, पिता ने ‘इज्जत’ बचाने के लिए की हत्या

पूर्व टेनिस प्लेयर राधिका यादव मर्डरकेस में गुरुग्राम पुलिस ने पिता दीपक यादव को एकमात्र आरोपी बताते हुए 254 पन्नों की चार्जशीट अदालत में दाखिल कर दी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पिता ने ‘इज्जत बचाने’ के लिए बेटी को तीन गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया।

Image

राधिका यादव मर्डरकेस में पुलिस ने पिता को बताया एकमात्र आरोपी

Radhika Yadav Murder Case: पूर्व टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की हत्या के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने राधिका के पिता दीपक यादव को एकमात्र आरोपी बताते हुए 254 पन्नों की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की है। इस वारदात को पुलिस ने “ऑनर किलिंग” करार दिया है। अदालत में इस मामले में अगली सुनवाई 17 अक्टूबर को होगी।

जांच के दौरान सामने आया है कि पिता और बेटी के बीच काफी समय से तनाव चल रहा था। पिता दीपक यादव अक्सर राधिका को बाहर जाने और कोचिंग देने से रोकता था। जिसके चलते दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया। पिता ने ‘इज्जत बचाने’ के लिए बेटी को तीन गोलियां मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने जांच के दौरान 35 गवाहों के बयान दर्ज किए हैं, जिसमें राधिका की मां मंजू यादव भी शामिल है।

राधिका की मां ने बयान में क्या कहा?

टेनिस प्लेयर राधिका की मां मंजू यादव ने अपने बयान में कहा कि वारदात के दिन 10 जुलाई को उन्हें बुखार था, जिस कारण वे अपने कमरे में आराम कर रही थी। राधिका उस समय खाना बना रही थी। तभी उन्हें कूकर की सीटी की आवाज के साथ ही धमाके की आवाज आई, साथ ही बेटी राधिका के चिल्लाने की भी आवाज आई। जब वे रसोई में गई, तो राधिका फर्श पर पड़ी थी। उन्होंने तुरंत परिवार वालों को नीचे आकर बताया, लेकिन घबराहट के कारण दोबारा ऊपर नहीं जा पाईं। परिवार के लोग ही राधिका को अस्पताल लेकर गए। उन्होंने बताया कि उनका पति दीपक यादव उस समय कमरे में था। उसके हाथ में लाइसेंसी रिवाल्वर थी, लेकिन उन्होंने गोली मारते हुए नहीं देखा। मंजू यादव ने बताया कि उन्हें नहीं पता कि बेटी राधिका को गोली कैसे लगी और क्यों मारी।

टेनिस प्लेयर राधिका की हत्या कब हुई

पुलिस के अनुसार राधिका को उसके पिता ने 10 जुलाई को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। वह गुरुग्राम के सेक्टर 57 में सुशांत लोक के अपने घर में थी। वह किचन में खाना बना रही थी। इसी दौरान उसके पिता ने उसे गोली मार दी। पुलिस का कहना है कि लोगों के तानों से तंग आकर आरोपी ने गुस्से में आकर अपनी बेटी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही उसके घर से गिरफ्तार किया था।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें