Maid Tortured By Gurugram Couple: हरियाणा के गुरुग्राम से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। साइबर सिटी में 14 साल की नाबालिग को पुलिस और ‘वन स्टॉप सेंटर’ सखी के संयुक्त दल ने दंपति के चंगुल से छुड़ाया है। दंपति ने नाबालिग को काम पर रखा, फिर उस पर बेइंतहा जुल्म ढाए। आरोपी दंपति ने नाबालिग के शरीर को गर्म चिमटे से दागा, उसकी डंडे से बेरहमी से पिटाई की। यही नहीं, आरोपी दंपति कई दिन तक उसे खाना भी नहीं देते थे। पीड़ित नाबालिग डस्टबिन से खाना उठाकर अपनी भूख मिटाती थी। नाबालिग की फोटो वायरल होने के बाद ‘वन स्टॉप सेंटर’ की मदद से गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी दंपति के कब्जे से पीड़िता को छुड़ाया। पुलिस ने आरोपी दंपति को अरेस्ट कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी दंपति ने पिछले वर्ष प्लेसमेंट एजेंसी के जरिए अपने तीन माह के बच्चे की देखभाल के लिए 14 वर्ष की नाबालिग को घर में काम पर रखा था। पीड़िता मूल रूप से झारखंड की निवासी है। कुछ दिन बाद दंपति ने नाबालिग पर जुल्म करने शुरू कर दिए।
