शहर

Ahmedabad Rain: 2 घंटे की मूसलाधार बारिश से SG हाईवे डूबा, स्टर्लिंग सोसाइटी में फुटपाथ धंसा; 14 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

Gujarat Weather News: अहमदाबाद में दो घंटे की भारी बारिश से एसजी हाईवे समेत शहर में जलभराव। स्टर्लिंग सोसाइटी में फुटपाथ धंसने से एक शख्स गड्ढे में गिरा। IMD ने गुजरात के 14 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Image

स्टर्लिंग सोसाइटी में फुटपाथ अचानक धंसने से घर का हिस्सा

Photo : Times Now Digital

Gujarat News: गुजरात में मानसून अपने पूरे शबाब पर है। राज्य की आर्थिक राजधानी अहमदाबाद में सोमवार सुबह महज दो घंटे की मूसलाधार बारिश ने नगर निगम (AMC) के दावों की पोल खोल दी। बारिश के कारण शहर के कई पॉश इलाकों में गंभीर जलभराव की स्थिति बन गई, वहीं एक रिहाइशी इलाके में अचानक जमीन धंसने से हड़कंप मच गया।

स्टर्लिंग सोसाइटी में धंसा फुटपाथ, गड्ढे में गिरा शख्स

अहमदाबाद की स्टर्लिंग सोसाइटी में बारिश के पानी के कारण फुटपाथ अचानक धंस गया और एक गहरा गड्ढा बन गया। देखते ही देखते यह गड्ढा फुटपाथ से सटे एक बंगले तक फैल गया, जिससे मकान का एक हिस्सा जमींदोज हो गया। हादसे के वक्त घर में मौजूद एक व्यक्ति भी गड्ढे में गिर गया, जिसे आनन-फानन में बाहर निकाला गया। वेस्ट-नॉर्थ जोन के डिप्टी म्युनिसिपल कमिश्नर निलेश पटेल ने स्थिति का जायजा लेने के बाद बताया कि शुरुआती जांच में जमीन धंसने की मुख्य वजह वहां पुराना भूमिगत खालकुआं (कुआं) हो सकती है। प्रशासन ने मौके पर सुरक्षा घेरा बनाकर मरम्मत का काम शुरू कर दिया है।

SG हाईवे पर घुटनों तक पानी, गाड़ियां जलमग्न

सुबह की मूसलाधार बारिश से एसजी हाईवे पर थलतेज के पास घुटनों तक पानी भर गया। अहमदाबाद और गांधीनगर को जोड़ने वाले इस मुख्य हाईवे पर दर्जनों गाड़ियां आधे से ज्यादा पानी में डूब गईं और कई बसें बीच सड़क पर बंद पड़ गईं। इसके चलते ऑफिस और स्कूल जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा और किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।

गुजरात के 14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, धोलेरा में NDRF तैनात

मौसम विभाग (IMD) ने आगामी कुछ घंटों के लिए अहमदाबाद, बनासकांठा, पाटन, मेहसाणा, सुरेन्द्रनगर, आनंद, खेड़ा, वडोदरा, भावनगर, अमरेली, बोटाद, गांधीनगर, नवसारी और वलसाड समेत 14 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। धोलेरा के वानी झील गांव में भीषण बारिश के बाद बचाव कार्यों के लिए NDRF की टीमों को नावों के साथ तैनात किया गया है। राज्य में अब तक पूरे मानसून सीजन की 54.28% बारिश (औसतन 19.42 इंच) दर्ज की जा चुकी है। पिछले 24 घंटों में 137 तालुकों में बारिश दर्ज की गई, जिसमें वलसाड के कपराडा में 4 इंच और बनासकांठा के अमीरगढ़ में 3 इंच बारिश हुई। दक्षिण गुजरात और अहमदाबाद में सेना ने भी अब तक जलभराव में फंसे 790 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। प्रशासन ने नागरिकों को बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article