जौनपुर : जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात एक दिल दहला देने वाली वारदात में बारात पर नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने दूल्हे की कार को निशाना बनाते हुए बेरहमी से गोलियां बरसाईं, जिससे 21 वर्षीय दूल्हा आजाद गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे घायल अवस्था में अस्पताल ले जा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शादी की खुशियों में डूबी बारात को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही पलों में जश्न चीख-पुकार में बदल जाएगा। फिलहाल, पुलिस पीड़ित परिवार के संदेश के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।
दूल्हे की कार पर अंधाधुंध फायरिंग
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडऊर गांव निवासी रामलखन का पुत्र आजाद अपनी बारात लेकर खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव जा रहा था। बैंड-बाजे और उत्साह के बीच बारात आगे बढ़ रही थी कि तभी मनेछा गांव के पास पहले से घात लगाए बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने हमला बोल दिया। हमलावरों ने दूल्हे की कार पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिससे बारात में अफरा-तफरी मच गई। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। हालांकि, उनकी पहचान नहीं हो पाई है।
परिजनों का कहना है जिस लड़की से युवक की शादी होने जा रही थी उसका कोई रिश्तेदार करीब 6 महीने से मारने की धमकी दे रहा था। बारात वाले दिन भी कई लोग धमकाने आए थे, लेकिन उन्हें इतनी बड़ी घटना का शक नहीं था। परिजनों की मानें तो लड़की भी आजाद से ही शादी करना चाहती थी, लेकिन आज ये वारदात हो गई।
गोलियों की आवाज से मौके पर भगदड़ मची
गोलियों की आवाज से मौके पर भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस बीच दूल्हा आजाद लहूलुहान होकर कार में ही गिर पड़ा।परिजन उसे तत्काल खेतासराय के एक हॉस्पिटल ले गए। जहां से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।खेतासराय थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
