ग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा में बनेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का हॉकी स्टेडियम, जानें कब तक होगा तैयार

ग्रेटर नोएडा में कई परियोजनाएं चल रही हैं। प्राधिकरण ने अब इस शहर में हॉकी स्टेडियम बनाने का निर्णय लिया है। इसके लिए डीपीआर तैयार करने के लिए सलाहकार एजेंसी को तीन महीने का समय दिया गया है। DPR के बाद टेंडर जारी किए जाएंगे और माना जा रहा है कि यह स्टेडियम डेढ़ साल में बनकर तैयार हो जाएगा।

Image

ग्रेटर नोएडा में बनेगा हॉकी स्टेडियम (फोटो - AI)

ग्रेटर नोएडा, NCR का एक प्रमुख शहर है। यहां पर एयरपोर्ट से लेकर फिल्म सिटी और रेलवे स्टेशन तक बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा क्रिकेट स्टेडियम और फॉर्मूला वन ट्रैक यहां पहले से मौजूद हैं। अब ग्रेटर नोएडा में एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी स्टेडियम बनाने की तैयारी की जा रही है। चलिए जानते हैं कहां बनेगा यह स्टेडियम और कब तक बनकर तैयार हो जाएगा।

जिस अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम को बनाने की तैयारी की जा रही है, वह ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-37 में बनेगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। चयनित सलाहकार एजेंसी को तीन महीने का समय दिया गया है और प्राधिकरण ने इस परियोजना को डेढ़ साल में पूरा करने का लक्ष्य भी रखा है।

इस हॉकी स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाया जाएगा, जिसमें खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम के साथ ही दर्शकों के बैठने की उचित व्यवस्था, सेट और अन्य सुविधाएं भी शामिल होंगी। इस स्टेडियम की अनुमानित लागत करीब 10 करोड़ रुपये है। यह स्टेडियम न केवल खिलाड़ियों को बेहतरीन मंच प्रदान करेगा, बल्कि शहर की खेल संरचना को भी एक नई दिशा देगा।

प्राधिकरण की यह पहल केंद्र सरकार की 'खेलो इंडिया' योजना के तहत की जा रही है, जिसका उद्देश्य शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देना है। सेक्टर-37 में प्रस्तावित इस स्टेडियम के लिए सवा एकड़ जमीन रिजर्व की गई है, जबकि यहां बन रहे पूरे खेल परिसर के लिए 10.5 एकड़ से ज्यादा भूमि सुरक्षित है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की योजना न सिर्फ शहर में सुविधाएं बढ़ाने की है, बल्कि यहां के प्रत्येक गांव में खेल मैदान विकसित करने की भी है। फिलहाल सेक्टर-37 में एक अखाड़ा भी चल रहा है, जहां क्षेत्र के युवा पहलवानी के गुर सीखने आते हैं।

इस हॉकी स्टेडियम के निर्माण से ग्रेटर नोएडा न सिर्फ राष्ट्रीय, बल्कि अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर भी अपनी पहचान और मजबूत करेगा। भविष्य में ग्रेटर नोएडा युवाओं के खेल सपनों का केंद्र बनेगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article