ग्रेटर नोएडा

Greater Noida: अस्तौली-बादलपुर में बनेंगे 33/11 KV के बिजलीघर, इतने घर रोशन करेंगे पावर हाउस

ग्रेटर नोएडा के अस्तौली और बादलपुर में 33/11 केवी के दो नए बिजलीघर (सब-स्टेशन) बनाकर बिजली आपूर्ति सिस्टम को मजबूत किया जाएगा। इन बिजलीघरों के लिए आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है तथा टेंडर भी जारी कर दिए गए हैं। उम्मीद की जा रही है कि इसी माह के अंत तक टेंडर प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

Image

(सांकेतिक फोटो)

ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण अब क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को अधिक बेहतर करने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। इसी क्रम में प्राधिकरण ने अस्तौली और बादलपुर में 33/11 केवी के दो नए बिजलीघर (सब-स्टेशन) बनाने का निर्णय लिया है। इन दोनों बिजलीघरों के निर्माण और उनसे जुड़ी लाइन बिछाने के कार्यों पर लगभग 32 करोड़ रुपए खर्च होंगे। प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने ओएसडी अभिषेक पाठक के साथ ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में चल रहे विद्युत कार्यों की गहन समीक्षा की।

टेंडर जारी

समीक्षा बैठक में बताया गया कि अस्तौली और बादलपुर में बनने वाले इन बिजलीघरों के लिए आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है तथा टेंडर भी जारी कर दिए गए हैं। उम्मीद की जा रही है कि इसी माह के अंत तक टेंडर प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। प्राधिकरण का मानना है कि इन बिजलीघरों के निर्माण से न केवल अस्तौली और बादलपुर, बल्कि इनसे लगे अन्य क्षेत्रों को भी स्थायी रूप से बेहतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। अनुमान है कि इन बिजलीघरों को बनने में लगभग एक वर्ष का समय लगेगा।

बैठक के दौरान एसीईओ प्रेरणा सिंह ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। इसके साथ ही जलपुरा स्थित गोशाला का विद्युतीकरण और हाईमास्ट लाइट लगाने के कार्य भी किए जाएंगे। इसी तरह, इकोटेक-3 के उद्योग केंद्र-1, रिजर्व पुलिस लाइन, ट्वॉय सिटी, महिला उद्यमी पार्क पार्ट-1 और पार्ट-2 में हाईमास्ट लाइटें और स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इन प्रकाश संबंधित परियोजनाओं पर लगभग 3.91 करोड़ रुपए खर्च आने का अनुमान है। एसीईओ ने इन कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

इस समीक्षा बैठक में तकनीकी सलाहकार आरके. जायसवाल, वरिष्ठ प्रबंधक रामचरण, सौरभ भारद्वाज, अश्विनी चतुर्वेदी, मैनेजर निखिल गुप्ता, अजीत भाई पटेल, विपिन बिहारी राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्राधिकरण के इन प्रयासों से क्षेत्र में आधारभूत विद्युत ढांचे को मजबूती मिलेगी और नागरिकों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article