Stock Market Today Nifty Sensex and Global Market : अमेरिका से लेकर जापान तक शेयर बाजारों में मचे हाहाकार के बीच भारतीय शेयर बाजार ने गुरुवार, 15 अक्टूबर को मजबूत शुरुआत की है।
अमेरिका में महंगाई बढ़ने से ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका गहरा गई है। इसका असर अमेरिकी टेक शेयरों से लेकर जापान, दक्षिण कोरिया, हांगकांग और चीन के बाजारों तक दिखाई दिया। इसके बावजूद भारतीय बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान खरीदारी देखने को मिली।
Nifty जहां करीब 247 अंक की तेजी के साथ 22,870.20 तक उछल गया है। वहीं, Sensex करीब 876 अंक की तेजी के साथ 73,657.96 पर कारोबार कर रहा है। भारतीय बाजार में IT शेयरों में तेजी ने बाजार को सहारा दिया, जबकि मेटल और PSU बैंक शेयरों पर दबाव बना रहा।
अमेरिका से जापान तक बाजारों में क्यों मची तबाही?
भारतीय बाजार की तेजी के उलट ग्लोबल बाजारों में बिकवाली का दबाव दिखाई दिया। अमेरिका में महंगाई के आंकड़ों ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। सितंबर में अमेरिकी महंगाई दर बढ़कर 3.7% पर पहुंच गई, जो अगस्त में 3.4% थी। इससे अमेरिकी फेडरल रिजर्व (US Federal Reserve) की ओर से ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका तेज हो गई है।
ब्याज दरें ऊंची रहने की आशंका का असर खास तौर पर टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी कंपनियों के शेयरों पर पड़ा। ज्यादा लागत और AI में भारी निवेश से जुड़े जोखिमों को लेकर निवेशक सतर्क हो रहे हैं। इस तरह ग्लोबल बाजारों में टेक शेयरों की बिकवाली और ब्याज दरों को लेकर बढ़ती चिंता के बीच भारतीय बाजार का हरे निशान में रहना निवेशकों के लिए राहत की खबर रहा।
कोस्पी और निक्केई हुए क्रैश
अमेरिका में पिछले कारोबारी सत्र में Nasdaq Composite करीब 1.88% टूट गया, जबकि S&P 500 में 1.11% की गिरावट आई। 15 अक्टूबर को सुबह के डेटा के मुताबिक जापान का Nikkei 225 करीब 5.14%, दक्षिण कोरिया का KOSPI 8.72%, ताइवान का बाजार 3.37% और हांगकांग का Hang Seng करीब 1.51% नीचे था। इसके अलावा चीन का Shanghai Composite भी लगभग 1.98% की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था।
IT शेयरों में खरीदारी से मिला बाजार को सहारा
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो सुबह के कारोबार में Nifty IT सबसे मजबूत सेक्टरों में रहा। यह करीब 1.47% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था। Nifty Private Bank में 0.94%, Nifty Financial Services में 0.53%, FMCG में 0.45% और Auto इंडेक्स में 0.29% की तेजी थी।
IT शेयरों में मजबूती की एक अहम वजह कंपनियों के तिमाही नतीजों को लेकर बनी उम्मीदें और चुनिंदा शेयरों में खरीदारी रही। बाजार की नजर गुरुवार को Wipro और Tech Mahindra समेत कई कंपनियों के नतीजों पर भी रहेगी। Nestle India और HDFC Life Insurance के तिमाही नतीजे भी निवेशकों के रडार पर हैं।
हालांकि, बाजार में खरीदारी सभी सेक्टरों में नहीं दिखी। Nifty PSU Bank इंडेक्स करीब 2.12% टूट गया। Nifty Metal में 0.96% और Nifty Media में 0.68% की गिरावट दर्ज की गई। Nifty Next 50 भी करीब 0.89% नीचे था।
बाजार में तेजी, लेकिन डर भी कायम
भारतीय शेयर बाजार में बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी जहां मजबूती दिखा रहे हैं। वहीं, ब्रॉड मार्केट में भी खरीदारी ट्रेंड कमजोर हुआ है। NSE पर 3,321 शेयरों में कारोबार के दौरान 1,392 शेयरों में तेजी और 1,713 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। Nifty Smallcap 100 करीब 0.89% और Nifty Midcap 100 लगभग 0.24% नीचे था। इसके अलावा इंडिया VIX में भी करीब 0.59% की बढ़त हुई है। इससे पता चलता है कि निवेशक भारतीय बाजार वोलैटिलिटी बढ़ती देख रहे हैं।
क्रूड और रुपये से मिल रहा सपोर्ट
ग्लोबल अनिश्चितता के बीच भारतीय बाजार को कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में नरमी और रुपये में मजबूती ने सपोर्ट किया है। Brent Crude लगभग 1.66% गिरकर 104.29 डॉलर प्रति बैरल पर था। दूसरी ओर, डॉलर के मुकाबले रुपये में मजबूती दिखी। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक USD/INR करीब 94.97 पर था, जबकि पिछले बंद स्तर 95.29 पर था।
