Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के थाना दादरी क्षेत्र के ग्राम नगला नैनसुख निवासी एक व्यक्ति का दीपावली की रात को शराब पीते समय दोस्त के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि युवक के दोस्त ने कथित तौर पर उसे गोली मार दी। इस घटना में युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच कर रही पुलिस की टीम ने आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिसकर्मी आरोपी को लेकर हत्या में प्रयुक्त अवैध हथियार बरामद करने जा रही थी, तभी आरोपी व्यक्ति दरोगा की पिस्टल छीनकर पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी करते हुए भागने लगा। पुलिस ने बताया कि जवाबी कार्रवाई में पुलिसकर्मियों ने भी गोली चलाई और गोली आरोपी के पैर में लगी।
दिवाली का रात हुआ विवाद खूनी खेल में बदला
नयूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, अपर पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) सुधीर कुमार ने बताया कि थाना दादरी क्षेत्र के ग्राम नगला नैनसुख में रहने वाला सचिन पुत्र कर्मवीर तथा उसका दोस्त राजेश निवासी ग्राम नगला नैनसुख दीपावली की रात को एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। उन्होंने बताया कि रात करीब 8 बजे दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया और सचिन ने आक्रोश में आकर राजेश को गोली मार दी। उन्होंने बताया कि इस घटना में राजेश की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर वहां पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मुठभेड़ में आरोपी घायल
पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि आज तड़के पुलिस ने आरोपी सचिन को गिरफ्तार किया। कुमार ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने हत्या में प्रयुक्त हथियार छुपाकर रखा है। उन्होंने बताया कि पुलिस हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद करने जा रही थी तभी आरोपी भागने के लिए पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनी और फायरिंग शुरू कर दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने पीछा किया तो उसने पुलिस पर गोली चलाई। उन्होंने बताया कि जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई और पुलिस द्वारा चलाई गई गोली आरोपी के पैर में लगी। उन्होंने बताया कि घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपी के पास से दरोगा की पिस्टल बरामद हुई है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में तीन मामले दर्ज हैं।
(इनपुट - भाषा)
