Greater Noida Metro: ग्रेटर नोएडा वेस्ट से नॉलेज पार्क 5 तक जाने वाली मेट्रो लाइन के रूट में बदलाव के फैसला लिया गया है। इस फैसले के साथ स्टेशनों की संख्या बढ़ाकर 11 कर दी गई है। जानकारी के अनुसार इस नए रूट प्लान का डीपीआर तैयार कर दिया गया है। डीपीआर को तैयार कर नोएडा मेट्रो रेल कारपोरेशन (एनएमआरसी) को सौंप दिया गया है। 11 स्टेशनों के नए रूट के डीपीआर को बोर्ड की बैठक में पेश किया जाएगा। बोर्ड की बैठक में डीपीआर को मंजूरी मिलने के बाद कार्य आगे बढ़ेगा। मिली जानकारी के अनुसार ग्रेटर नोएडा की नई मेट्रो लाइन को शुरुआत में सेक्टर 52 से जोड़ा जा रहा था। लेकिन रूट में बदलाव के चलते सेक्टर 52 से कनेक्टिविटी नहीं हो सकी। बता दें कि इस कनेक्टिविटी से ग्रेटर नोएडा मेट्रो दिल्ली की ब्लू लाइन मेट्रो से जुड़ जाती।
ग्रेटर नोएडा मेट्रो का बदला रूट
ग्रेटर नोएडा मेट्रो जो पहले सेक्टर 51 से सेक्टर 72 बालकनाथ मंदिर की तरफ जाने वाली थी अब रूट के बदलाव के चलते ये सेक्टर 51 से सेक्टर 62 तक जाएगी। बता दें कि सेक्टर 61 से इसे दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन से जोड़ा जाएगा। पहले सेक्टर 52 ब्लू लाइन से जुड़ने वाली ग्रेटर नोएडा मेट्रो अब सेक्टर 61 से जोड़ी जाएगी। इसके अलावा बनने वाले 9 प्रस्तावित स्टेशनों की संख्या को बढ़ाने का फैसला लेते हुए इसे 11 किया गया है। आइए आपको उन स्टेशनों के नाम बताएं...
ग्रेटर नोएडा नए रूट के 11 स्टेशन
ग्रेटर नोएडा के नए रूट पर 9 की जगह अब 11 नए मेट्रो स्टेशनों बनाए जाएंगे। ये स्टेशन सेक्टर 61, सेक्टर 122, सेक्टर 123, सेक्टर 4 ग्रेटर नोएडा वेस्ट, सेक्टर 122 ईकोटेक, सेक्टर 2 ग्रेटर नोएडा वेस्ट, सेक्टर 3, सेक्टर 10, सेक्टर 12, नॉलेज पार्क 5 और एक अन्य स्टेशन प्रस्तावित किया गया है। जानकारी के अनुसार बनने वाला ये नया रूट पहले की तुलना में ढाई किलोमीटर और लंबा होगा। इसके कारण ग्रेटर नोएडा मेट्रो के निर्माण में 794 करोड़ रुपये की लागत और बढ़ गई है। पहले की तय लागत के बात करें तो 2991 करोड़ रुपये में ग्रेटर मेट्रो के लिए आवंटित किए गए थे।
