Greater Noida Fire: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र की पंचशील ग्रीन 1 सोसायटी के पास स्थित एक कंपनी के वेयर हाउस में आग लग गई। आग लगने की इस घटना से आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को आग की जानकारी दी। कंपनी के वेयर हाउस में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 5 गाड़ियां और पुलिस की एक टीम मौक पर पहुंची।वेयर हाउस में लगी आग के कारण लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया है। कंपनी के वेयर हाउस में आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
आग पर काबू पाया
मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पा लिया है। घटनास्थल पर मौजूद दमकल के अधिकारी और पुलिस की टीम आग लगने के कारण की जांच कर रही है। माना जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी है। लेकिन वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
घटनास्थल पर मौजूद दमकल विभाग के सीएफओ प्रदीप चौबे ने बताया कि थाना बिसरख क्षेत्र के अंतर्गत जेप्टो के स्टोर में लगी आग को फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियों की मदद से बुझाया गया। धुआं बहुत अधिक था। जेसीबी की मदद से टिन शेड को हटाया गया है। इसके बाद मौके पर पहुंची गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। इस आगजनी का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। इसकी जांच की जाएगी। फिलहाल कोई जनहानि नहीं हुई है।
