ग्रेटर नोएडा

Greater Noida: शादीशुदा प्रेमिका ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट, फिर…

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 15, 2023, 08:01 PM IST

Gautam Buddha Nagar Police: गौतमबुद्धनगर के सरस्वती कुंज से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक विवाहित प्रेमिका ने अपने प्रेमी और एक अन्य के साथ मिलकर पति को गला दबाकर मार डाला। इसके बाद पड़ोस के निर्माणधीन मकान में बन रहे सेप्टिक टैंक में पति शव को दफना दिया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए प्रेमी को दबोच लिया है।

Image

ग्रेटर नोएडा में प्रेमिका ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दफनाया (प्रतीकात्मक तस्वीर)

KEY HIGHLIGHTS
  • गौतमबुद्धनगर के सरस्वती कुंज का है मामला
  • मामले में आरोपी प्रेमी राजमिस्त्री को किया गया गिरफ्तार
  • फरार चल रही प्रेमिका की पुलिस कर रही तलाश


Greater Noida News: गौतमबुद्धनगर के सरस्वती कुंज में राजमिस्त्री से अवैध संबंध होने पर महिला ने अपने पति को मौत के घाट उतार दिया। महिला ने राजमिस्त्री हरपाल और एक मजदूर के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। महिला ने पति का शव छिपाने के लिए पड़ोसी के निर्माणधीन मकान का सहारा लिया। तीनों आरोपियों ने उसी मकान के सेप्टिक टैंक में शव को दबा दिया।

बता दें कि, 2 जनवरी से युवक को लापता बताकर उसकी खोजबीन शुरू की गई थी। मामले की जानकारी जब पुलिस तक पहुंची तो इसी दौरान महिला अपने प्रेमी राजमिस्त्री के साथ फरार हो गई। इस मामले में पुलिस ने प्रेमी राजमिस्त्री को गिरफ्तार कर शव को बरामद कर लिया है। मामले में आरोपी एक मजदूर और महिला की तलाश की जा रही है।

ये था पूरा मामला

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बुलंदशहर के दरावर का निवासी सतीश पाल पत्नी और 5 साल के बच्चे के साथ ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सरस्वती कुंज में रहा करते थे। सतीश नोएडा की एक एक्सपोर्ट कंपनी में नौकरी करता था। उसके पड़ोसी के मकान के निर्माण करने का काम एटा का एक राजमिस्त्री कर रहा था। मकान के निर्माण के दौरान ही राजमिस्त्री हरपाल और सतीश की पत्नी के बीच प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया। 2 जनवरी को सतीश कंपनी से वापस घर आया इससे पहले ही उसकी पत्नी ने मर्डर का पूरा प्लान बना लिया था। योजनाबद्ध तरीके से सतीश पाल की गला दबाकर हत्या कर दी गई। सतीश के शव को महिला, प्रेमी राजमिस्त्री और एक अन्य मजदूर ने बन रहे पड़ोस के मकान के सेप्टिक टैंक में दबा दिया ।

कई दिनों तक महिला ने नहीं लगने दी मामले की भनक

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने शव पर सीमेंट डालकर उसकी चिनाई भी कर दी। इसके बाद सीमेंट का पत्थर रखकर सेप्टिक टैंक को ढक दिया गया। महिला ने इस कांड की भनक कई दिनों तक किसी को नहीं लगने दी। इसके बाद जब पति की खोजबीन शुरू हुई तो महिला प्रेमी राजमिस्त्री के साथ ही फरार हो गई। मामले को लेकर डीसीपी सेंट्रल जोन रामबदन सिंह ने बताया है कि, राजमिस्त्री को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर ही टैंक से शव को बरामद किया गया है। शव को निकालकर पोस्टमार्टम करवाने के लिए भेजा गया है। महिला व अन्य आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article