ग्रेटर नोएडा

Greater Noida Viral News: सोसाइटी की लिफ्ट में फंसा बच्चा, मदद के लिए चिल्लाते हुए वीडियो हुआ वायरल

  • Reported by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 3, 2022, 01:40 PM IST

Greater Noida Police: ग्रेटर नोएडा की एक सोसाइटी की लिफ्ट में फंसे बच्चे का वीडियो वायरल हो रहा है। एक बच्चा ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहा था। इसके बाद लिस्ट में 10 मिनट तक बच्चा फंसा रहा। लिफ्ट का सुरक्षा गार्ड मौके पर मौजूद नहीं था। मामले की पुलिस से शिकायत की गई है। पुलिस जांच में जुट गई है।

Image

ग्रेटर नोएडा की एक सोसाइटी की लिफ्ट में फंसे बच्चे का वीडियो वायरल

KEY HIGHLIGHTS
  • ट्यूशन से घर लौट रहा था बच्चा
  • करीब दस मिनट तक लिफ्ट में फंसा रहा मासूम
  • घटना की शिकायत पुलिस से की गई, जांच शुरू

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसाइटी में ट्यूशन से घर लौट रहा 8 साल का एक मासूम बच्चा लिफ्ट में फंस गया। लिफ्ट में सवार होने के बाद बच्चे ने जैसे ही बटन दबाया लिफ्ट चौथे व पांचवें फ्लोर के बीच में अटक गई। लिफ्ट में खराबी आने के बाद बच्चा करीब 10 मिनट तक फंसा रहा। अचानक लिफ्ट रुकने पर बच्चा डर गया और मदद के लिए चिल्लाने लगा, लेकिन वहां गार्ड ही मौजूद नहीं था। बच्चे के लिफ्ट में फंसने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सोसाइटी के निवासी इसमें सुरक्षा गार्ड की लापरवाही बता रहे हैं।

बता दें कि इससे पहले 29 नवंबर को भी ग्रेटर नोएडा की एक सोसाइटी की एक लिफ्ट अचानक से खराब हो गई थी। जिससे तीन बच्चियां लिफ्ट में फंस गई थीं। किसी तरह बच्चियों को निकाला गया था। अब इस ताजा मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना

बता दें कि लिफ्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे का वीडियो 8 साल के मासूम की मनोदशा को बयान कर रहा है। अपने आप को लिफ्ट में फंसा हुआ देख मासूम बच्चा इमरजेंसी के बटन दबाता है। लेकिन कोई मदद उसके पास तक नहीं पहुंचती है। क्योंकि सीसीटीवी रूम में बैठा सुरक्षा गार्ड नदारद था। ऐसे में सहमे हुए बच्चे ने लिफ्ट का दरवाजे को पीटना शुरू किया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद बच्चा घबरा गया और जोर-जोर से चीखने लगा। बच्चे की चीख पांचवें फ्लोर पर टहल रहे एक व्यक्ति को सुनाई दी। वे लिफ्ट के पास पहुंचे तो बच्चे की रोने की आवाज आ रही थी। उन्होंने मेंटेनेंस डिपार्टमेंट को कॉल किया। 10 मिनट के प्रयास के बाद बच्चे को लिफ्ट से बाहर निकाला गया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।

साइकिल लेकर लिफ्ट में आया था बच्चा

जानकारी के लिए बता दें कि सोसाइटी में प्रियांशु दास अपने परिवार के साथ ए 8 टावर में 14 वीं मंजिल पर रहते हैं। उन्होंने बताया है कि उनका बेटा ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहा था। इस दौरान बेटा ग्राउंड फ्लोर से 14वीं मंजिल पर आने के लिए लिफ्ट में चढ़ा था। वह पढ़ाई करने के लिए अपनी साइकिल से गया था। ऐसे में वह साइकिल के साथ ही लिफ्ट में फंस गया। सोसाइटी के मेंटेनेंस का कहना है कि बच्चा साइकिल लेकर लिफ्ट में चढ़ा था। जिसके दरवाजे पर टकराने से लिफ्ट का दरवाजा हल्का-सा खुल गया था और लिफ्ट रुक गई थी। बता दें कि मेंटेनेंस स्टाफ इस बात का जवाब नहीं दे पा रहे कि जो सुरक्षाकर्मी सीसीटीवी कैमरे से लिफ्ट की मॉनिटरिंग कर रहा था, वह कहां गायब हो गए था। फिलहाल घटना की शिकायत थाने में की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article