Greater Noida West News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत पाने के लिए ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण (GNIDA) ने एक अहम उठाया है। जिसके तहत गौड़ चौक और तिगरी के बीच दो नए यूटर्न बनाए जाएंगे। इसके निर्माण से गौर सिटी-2 और आसपास की 10 से अधिक हाउसिंग सोसाइटी में रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
कहां बनेगा नया यूटर्न
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव के कारण लोगों को सुबह-शाम के व्यस्त समय में जाम से जूझना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए प्राधिकरण ने मुख्य सड़कों के चौड़ीकरण और जरूरी स्थानों पर यूटर्न बनाने समेत कई अन्य विकल्पों पर काम शुरू कर दिया है। इसी क्रम में गौड़ चौक से तिगरी के बीच 60 मीटर चौड़ी सड़क पर गौड़ सिटी-2 सोसाइटी के सामने और खजूर चौक के पास दो नए यूटर्न बनाए जाएंगे। ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण ने इस संबंध में निविदा जारी कर दी है और संबंधित एजेंसियों से आवेदन भी मांगे गए हैं। एक महीने के अंदर निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
किन लोगों को मिलेगा फायदा
नए यूटर्न के निर्माण से खासतौर पर गौर सिटी-2 और आसपास की सोसाइटियों में रहने वाले करीब 40 हजार लोगो को लाभ होगा। इन लोगों को अब तक तिगरी गोलचक्कर से लंबा रास्ता तय करते हुए वापस आना पड़ता था। जिस कारण तिगरी पर ट्रैफिक का भी दबाव रहता था। लेकिन नए यूटर्न के बनने से यातायात सुगम हो जाएगा और जाम की समस्या में भी बड़ी राहत मिलेगी।
फुटओवर ब्रिज के निर्माण को मंजूरी
प्राधिकरण के महाप्रबंधक परियोजना ए.के. सिंह ने बताया कि नए यूटर्न बनाने के लिए उच्चाधिकारियों से सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस निर्माण कार्य पर लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत आएगी। प्राधिकरण की ओर से इटेड़ा गोलचक्कर और गौड़ सिटी-1 व 2 के बीच फुटओवर ब्रिज बनाने के लिए भी मंजूरी दी गई है, जिससे पैदल यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। यह सभी प्रयास ग्रेनो वेस्ट को ट्रैफिक फ्री और स्मार्ट शहर बनाने की दिशा में एक अहम कदम हैं।
ग्रेनो वेस्ट में बन चुके हैं 5 नए यूटर्न
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में वर्तमान में 5 नए यूटर्न पहले ही बनाए जा चुके हैं। जिनमें गौड़ चौक और इटेड़ा गोलचक्कर के बीच दो, इटेड़ा और एकमूर्ति गोलचक्कर के बीच दो और एकमूर्ति और रोजा गोलचक्कर के बीच एक यूटर्न शामिल हैं। इसके साथ 130 मीटर चौड़ी सड़क पर सेक्टर पाई-1 के पास भी यूटर्न बन चुका है। इसके बनने से लोगों का आवागमन सुगम हो गया है।
