Greater Noida Fire: ग्रेटर नोएडा के बादलपुर इलाके में धूम मानिकपुर की एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई है। आग की सूचना के बाद दर्जन भर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने के काम में लग गईं। ज्वलनशील केमिकलों के कारण आग तेजी से फैल गई और पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। भीषण आग के कारण आग की ऊंची ऊंची लपटे उठी और पूरी फैक्ट्री जलकर राख हो गई। इस आगजनी में किसी तरह के जनहानि की सूचना नहीं है। फायर डिपार्टमेंट की तरफ से आई जानकारी के मुताबिक आग अब काबू में है।
पुलिस का आया बयान
नोएडा पुलिस ने यह जानकारी दी कि शनिवार की देर शाम ग्रेटर नोएडा के थाना बादलपुर क्षेत्र के अन्तर्गत आमका रोड पर टुडोक इंडस्ट्री प्राइवेट लिमिटेड पेन्ट की कंपनी के अंदर अचानक आग लग गई। पुलिस अधिकारी, थाना स्थानीय पुलिस बल और फायर यूनिट की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं, आग को बुझाया जा रहा है, आग काबू में है, कोई जन हानि नहीं हुई है।
पहले भी हुई थी ऐसी घटना
इससे पहले जनवरी के महीने में भी ग्रेटर नोएडा के दुजाना थाना क्षेत्र के बादलपुर इलाके में एक केमिकल फैक्ट्री में आग लग गई थी। केमिकल फैक्ट्री की इस आग ने थोड़े ही देर में विकराल रूप ले लिया है। आग लगने के दौरान केमिकल फैक्ट्री में कई बड़े धमाके भी हुए, जो कि आसपास के इलाकों तक सुनाई दिए। कर्मचारियों ने घटना के बाद भाग कर किसी तरह अपनी जान बचाई।
