ग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा वासियों को मिलेगी बड़ी सौगात, सेक्टरों-गांवों में बन रहे हैं 16 सामुदायिक केंद्र; कब होंगे कंपलीट?

ग्रेटर नोएडा के 16 सेक्टरों व गांवों में सामुदायिक केंद्र बनाए जा रहे हैं, जिनमें से 12 का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जबकि 4 सामुदायिक केंद्रों का निर्माण जल्द शुरू करने की तैयारी है।

Image

सामुदायिक केंद्र (फाइल फोटो)

ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के 16 सेक्टरों व गांवों के निवासियों को सामुदायिक केंद्र की सौगात जल्द मिल जाएगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार की पहल पर इन 16 सेक्टरों व गांवों में सामुदायिक केंद्र बनाए जा रहे हैं, जिनमें से 12 का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जबकि 4 सामुदायिक केंद्रों का निर्माण जल्द शुरू करने की तैयारी है। इन सभी सामुदायिक केंद्रों के निर्माण पर लगभग 25 करोड़ रुपये खर्च होंगे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने परियोजना विभाग को निर्देश दिए हैं कि जिन सेक्टरों में सामुदायिक केंद्र नहीं हैं वहां नए सामुदायिक केंद्र बनाए जाएं। साथ ही जहां ऐसे केंद्र जर्जर हालत में हैं, तो उनकी मरम्मत कराएं।

कहां बन रहे सामुदायिक केंद्र

सीईओ के निर्देश पर परियोजना विभाग 12 सेक्टरों में सामुदायिक केंद्रों का निर्माण करा रहा है। महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह ने बताया कि ये सामुदायिक केंद्र सेक्टर ओमीक्रॉन वन ए, ज्यू वन, ज्यू टू, ज्यू थ्री, ईटा वन, जीटा वन, डेल्टा थ्री, सेक्टर 37, सेक्टर 36, पाई वन, स्वर्णनगरी और चिपियाना बुजुर्ग में बन रहे हैं। इस साल के अंत तक ये सभी बन जाएंगे, जबकि सेक्टर-3, सिरसा, डाढ़ा और लुक्सर में सामुदायिक केंद्रों का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने जा रहा है। इनमें से आधे सामुदायिक केंद्रों का निर्माण कार्य जल्द पूरा होने वाला है।

क्या होंगी सुविधाएं

ये सामुदायिक केंद्र दो मंजिला बन रहे हैं। ग्राउंड तल पर लाॅबी, पार्टी हाॅल, किचन, स्टोर, एक रूम और लेडीज व जेंट्स टॉयलेट और प्रथम तल पर लाॅबी, लाइब्रेरी और लेडीज व जेंट्स टॉयलेट की सुविधा होगी। इसके अलावा हर सामुदायिक केंद्र में लगभग 50 वाहनों की पार्किंग के लिए व्यवस्था होगी। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने इन सामुदायिक केंद्रों का निर्माण तय समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि सेक्टरवासियों को जल्द सामुदायिक केंद्र की सुविधा दी जा सकी। उन्हें किसी आयोजन के लिए परेशान न होना पड़े।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article