बिहार के गोपालगंज जिले से धोखाधड़ी और रिश्तों में बेवफाई का एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां एक व्यक्ति ने तीन शादियां की और पहली दो शादियां में तलाक भी नहीं लिया। यह मामला तब उजागर हुआ जब उसकी पहली पत्नी खुशबू और दूसरी पत्नी गुड़िया ने एक साथ आकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। दोनों महिलाओं ने पति पिंटू पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, शारीरिक हिंसा और धोखे से कई शादियां करने का गंभीर आरोप लगाया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मां की बीमारी का बहाना
गिरफ्तारी के बाद आरोपी पिंटू बरनवाल ने अजीबोगरीब सफाई देते हुए खुद को निर्दोष बताया। आरोपी ने दावा किया कि उसने अपनी वृद्ध और बीमार मां की देखभाल के लिए मजबूरन शादियां कीं। पिंटू का आरोप है कि उसकी पहली दोनों पत्नियां उसकी मां को खाना तक नहीं देती थीं, जिसके कारण उसे तीसरी बार घर बसाना पड़ा। आरोपी ने कहा कि उलटा वह और उसकी मां उन्हें खाना बनाकर देती थी।
हालांकि, पहली पत्नी खुशबू ने इन दावों को पूरी तरह नकारते हुए बताया कि उसकी शादी दिसंबर 2022 में हुई थी, जिसके बाद 5 लाख रुपये और कार के लिए उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई थी। खुशबू के अनुसार, उसे घर से निकालने के बाद पिंटू ने गुड़िया से शादी की और फिर उसे भी धोखा देकर एक और महिला को घर ले आया।
दो पत्नियों ने मिलकर 'लुटेरे' पति को पहुंचाया जेल
पिंटू की दूसरी पत्नी गुड़िया की कहानी भी उतनी ही दर्दनाक है, जितनी पहली पत्नी की है। गुड़िया ने पिंटू पर आरोप लगाया है कि उसे पहली शादी के बारे में अंधेरे में रखा गया और शादी के कुछ ही महीनों बाद पिंटू ने तीसरी शादी कर ली। उसने सवाल उठाया कि आरोपी कई लड़कियों की जिंदगी बर्बाद कर चुका है और हर बार गहने व नकदी के लालच में नई शादी कर रहा है। दोनों पत्नियों ने पुलिस प्रशासन से आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की है ताकि समाज में एक मिसाल पेश की जा सके। फिलहाल, तीसरी पत्नी पिंटू के घर में ही रह रही है, जबकि पुलिस इस अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय शादियों के जाल की गहराई से जांच में जुटी हुई है।
