एजुकेशन

AI से सिर्फ काम आसान न करें, अपनी महत्वाकांक्षाओं को नई उड़ान दें: Bennett University Convocation में बोले विनी​त जैन

Bennett University Convocation 2026: बेनेट यूनिवर्सिटी के आठवें दीक्षांत समारोह में 2026 बैच के ग्रेजुएट्स को संबोधित करते हुए द टाइम्स ग्रुप के एमडी विनी​त जैन ने कहा कि छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल अपनी महत्वाकांक्षाओं को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए करना चाहिए।

Image

बेनेट यूनिवर्सिटी के आठवें दीक्षांत समारोह में 2026 बैच के ग्रेजुएट्स को संबोधित करते हुए द टाइम्स ग्रुप के एमडी विनीत जैन

Bennett University Convocation 2026: बेनेट यूनिवर्सिटी के आठवें दीक्षांत समारोह में द टाइम्स ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर और विश्वविद्यालय के चांसलर विनीत जैन ने ग्रेजुएट होने वाले छात्रों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तेजी से कामकाज और पेशेवर दुनिया को बदल रहा है, लेकिन इस बदलाव के बीच इंसानी विवेक, नैतिकता और कल्पनाशीलता का महत्व हमेशा बना रहेगा। उन्होंने छात्रों से कहा कि तकनीक के दौर में उनकी असली ताकत सिर्फ सवालों के जवाब जानने में नहीं, बल्कि सही सवाल पूछने की क्षमता में होगी।

विनीत जैन ने कहा, "ऐसी दुनिया में जहां तकनीक तेजी से हमारे सवालों के जवाब दे सकती है, वहां आपकी असली बढ़त इस बात में होगी कि आप कौन से सवाल पूछना जरूरी समझते हैं।"

उन्होंने कहा कि AI के आने से काम करने की रफ्तार में बड़ा बदलाव आया है। पहले जिन कामों को पूरा करने में किसी टीम को कई महीने लग जाते थे, जैसे बिजनेस प्लान, प्रोडक्ट रोडमैप, सालाना बजट और रणनीतिक दस्तावेज तैयार करना, अब उनका एक अच्छा शुरुआती ड्राफ्ट महज एक सप्ताह में तैयार किया जा सकता है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि काम पूरा करने की समयसीमा भले ही कम हो गई हो, लेकिन सही निर्णय लेने की जरूरत कम नहीं हुई है। उन्होंने कहा, "कैलेंडर छोटा हो गया है, लेकिन निर्णय लेने की जरूरत कम नहीं हुई है। क्या बनाना है, किसके लिए बनाना है और क्या वह सही है, यह तय करना अब भी इंसानों का काम है।"

डिग्री मिलने के बाद असली परीक्षा शुरू होगी: विनीत जैन

दीक्षांत समारोह को केवल पढ़ाई पूरी होने का पड़ाव मानने के बजाय विनीत जैन ने इसे एक नई यात्रा की शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में हासिल किए गए ज्ञान और कौशल की असली परीक्षा तब शुरू होगी, जब छात्र पेशेवर दुनिया में कदम रखेंगे। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि अब दुनिया उनकी अगली क्लासरूम होगी, अनुभव उनका शिक्षक होगा और जिज्ञासा उनकी सबसे बड़ी ताकत बनेगी। विनीत जैन ने आजीवन सीखते रहने की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलती दुनिया में सफलता हासिल करने के लिए छात्रों को अपनी शिक्षा और कौशल विकास में लगातार निवेश करना होगा। इस दौरान उन्होंने बेनेट यूनिवर्सिटी के ऑनलाइन डिग्री प्रोग्राम, ऑनलाइन MBA और TimesPro के अपस्किलिंग एवं एग्जीक्यूटिव एजुकेशन कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया।

सिर्फ नौकरी के लिए नहीं, सोचने और बदलाव लाने के लिए बनी यूनिवर्सिटी

बेनेट यूनिवर्सिटी की स्थापना के उद्देश्य पर बात करते हुए चांसलर ने कहा कि संस्थान का लक्ष्य केवल छात्रों को मौजूदा नौकरियों के लिए तैयार करना नहीं था। इसका मकसद ऐसे व्यक्तित्व तैयार करना है, जो स्वतंत्र रूप से सोच सकें, तेजी से बदलती परिस्थितियों के अनुकूल खुद को ढाल सकें, नए विचार विकसित करें और समाज में सार्थक योगदान दे सकें। उन्होंने छात्रों को पेशेवर दुनिया की अनिश्चितताओं से घबराने के बजाय उन्हें अवसर के रूप में देखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आने वाले 10 वर्षों में करियर की दुनिया आज से काफी अलग हो सकती है। संभव है कि आज ग्रेजुएट हो रहे कुछ छात्र ऐसे पेशों में काम करें, जिनका अभी अस्तित्व भी नहीं है। विनीत जैन ने कहा, "आपकी डिग्री ने आपको ज्ञान दिया है, लेकिन मुझे उम्मीद है कि बेनेट यूनिवर्सिटी में बिताए वर्षों ने आपको इससे भी ज्यादा स्थायी चीज दी है- सीखने, पुरानी सीख को छोड़ने और फिर से सीखने की क्षमता।"

2,798 छात्रों को मिली डिग्री, 39 को PhD

बेनेट यूनिवर्सिटी के आठवें दीक्षांत समारोह में कुल 2,798 छात्रों को डिग्रियां प्रदान की गईं। ये छात्र विश्वविद्यालय के नौ स्कूलों से जुड़े थे। इनमें 39 शोधार्थियों को डॉक्टरेट यानी PhD की डिग्री दी गई।

विनीत जैन ने छात्रों से कहा कि पेशेवर जीवन में कई बार ऐसे मौके आएंगे, जब उन्हें कठिन फैसले लेने होंगे। ऐसे समय में उनके मूल्य और नैतिकता उनका मार्गदर्शन करें। उन्होंने छात्रों को शॉर्टकट के बजाय ईमानदारी, जल्दबाजी में निष्कर्ष निकालने के बजाय जिज्ञासा और अनिश्चितता के समय साहस को प्राथमिकता देने की सलाह दी।

'सफलता सिर्फ बदलाव के अनुकूल बनने में नहीं, उसे आकार देने में है'

अपने संबोधन में विनीत जैन ने जॉर्ज बर्नार्ड शॉ के कल्पनाशीलता से जुड़े विचारों का उल्लेख करते हुए छात्रों को हमेशा नए सवाल पूछने और नए विचारों पर काम करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्रों को 'क्यों नहीं?' की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए और ऐसे विचारों पर काम करना चाहिए, जो समस्याओं का समाधान कर सकें और सार्थक बदलाव ला सकें। उन्होंने कहा, "सफलता सिर्फ बदलाव के अनुकूल बनने में नहीं है, बल्कि उसे आकार देने की दूरदृष्टि और साहस रखने में भी है।"

अपने संबोधन के अंत में विनीत जैन ने छात्रों के अभिभावकों और परिवारों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि छात्रों की इस उपलब्धि के पीछे उनके परिवारों का सहयोग, त्याग और समर्थन महत्वपूर्ण रहा है। साथ ही उन्होंने विश्वविद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने ग्रेजुएट होने वाले छात्रों का बेनेट यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र समुदाय में स्वागत किया और उन्हें संस्थान की भावना, मूल्यों और सीख को अपने पेशेवर जीवन में आगे ले जाने के लिए प्रेरित किया।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article