Shamli Police Encounter: उत्तर प्रदेश के शामली में पुलिस की चोरों के साथ मुठभेड़ हुई। जिसमें नलकूप चोरी का वांटेड चोर पकड़ा गया है। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। हालांकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। पुलिस को आरोपी के कब्जे से बाइक, एक तमंचा, कारतूस, चोरी का सामान और चोरी करने के उपकरण बरामद हुए हैं।
पिछले कुछ दिनों से नलकूपों पर हो रही चोरी की वारदातों ने पुलिस की नाक में दम किया हुआ है, जिससे किसानों में भी पुलिस के प्रति रोष बना हुआ था। सोमवार शाम को शामली जनपद की थाना भवन पुलिस को सूचना मिली कि दो चोर नलकूपों से चोरी किए गए सामान को बेचने के लिए जा रहे है। सूचना के आधार पर एएसपी संतोष कुमार सिंह, सीओ जितेन्द्र सिंह आदर्श मंडी थाना व बाबरी थाने की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और गांव हसनपुर लुहारी के जंगलों में काबिंग शुरू की। इस दौरान पुलिस का सामना चोरों से हो गया।
गिरफ्तार चोर पर पहले से 18 केस दर्ज
पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान एक चोर के पैर में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि दूसरा चोर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल चोर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिसकी पहचान बाबर पुत्र अकबर निवासी भैसानी इस्लामपुर के तौर पर हुई है। थाना प्रभारी बिजेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि पकड़ा गया चोर कुख्यात है, जिस पर कई थानों में 18 मुकदमें दर्ज है। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उसके साथी की तलाश की जा रही है।
