Moradabad News: उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर गौ-तस्करी के मामले सामने आ रहे हैं। इन मामलों पर पुलिस की टीम लगातार कड़ी कार्रवाई कर रही है और गौ-तस्करों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। इस बीच मुरादाबाद के थाना मुंडापांडे क्षेत्र में पुलिस की टीम एक गौ तस्कर को गिरफ्तार करने गई तो उसके परिवार ने टीम पर हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि उन पर परिवार की महिलाओं द्वारा हमला किया गया। पुलिस ने इस मामले में गोतस्कर के साथ उसके परिवार की चार महिलाओं को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने गौ तस्कर की पहचान माजिद अली के रूप में की है।
गोतस्कर के परिवार के खिलाफ कार्रवाई
गौ-तस्कर माजिद अली को गिरफ्तार करने गई पुलिस की टीम ने उसके परिवार की चार महिलाओं, जिनमें जैनब, सबीना, आमना और नूर आफसा शामिल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि माजिद अली गोकशी के कई मामलों में फरार था और लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी। जब आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने उसके घर पर छापा मारा, तो उसने अपने परिवार के साथ मिलकर गिरफ्तार करने आई पुलिस की टीम पर हमला कर दिया। इस हमले के बाद, उचित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया और पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
दर्जनों मामलों में वांछित था आरोपी
बता दें कि आरोपी माजिद अली के खिलाफ अलग-अलग थानों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान परिवार के लोग अक्सर कानूनी कार्रवाई में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास करते हैं। इस तरह से कानूनी कार्रवाई में बाधा पैदा करने और पुलिस की टीम पर हमला करने के मामले में पुलिस की टीम ने कड़ा रुख अपनाया और सभी को गिरफ्तार किया। इस गिरफ्तारी से साफ संदेश मिलता है कि पुलिस कानून को तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शेगी नहीं। कानूनी कार्रवाई में बाधा पैदा करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
