Bageshwar Dham Sarkar Latest News: मॉनसूनी बारिश ने मध्य प्रदेश के गढ़ा छतरपुर में बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कार्यक्रम का प्लान बिगाड़ दिया है। देश की राजधानी दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश (यूपी) के गाजियाबाद में उनका कथा संबंधी कार्यक्रम (रविवार नौ जुलाई, 2023 को) होना था, मगर मौसम की मार के चलते उन्हें स्थगित किया गया है। आयोजक मंडल के हवाले से यह जानकारी कुछ स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में दी गई है।
ऐसा बताया गया कि जिस जगह पर कार्यक्रम होना था वहां (राम लीला मैदान में) भीषण बारिश के चलते पानी भर गया। यही वजह है कि नौ जुलाई को कवि नगर में होने वाले उनके प्रोग्राम को फिलहाल टाल दिया गया। आयोजक मंडली से जुड़े पदाधिकारियों की ओर से जानकारी दी गई कि लोग परेशान न हों और बेवजह में कार्यक्रम स्थल (कवि नगर का रामलीला मैदान) न पहुंचें। पंडित जी से वक्त मांगा जाएगा और दोबारा प्रोग्राम की डेट तय की जाएगी। आयोजकों ने इसके साथ ही असुविधा के लिए खेद जताया।

bageshwar dham sarkar
दरअसल, पश्चिमी विक्षोभ और मानसूनी पवन झोकों के एक-दूसरे के संपर्क में आने के चलते दिल्ली सहित उत्तर-पश्चिम भारत में शनिवार को मूसलाधार बारिश हुई। दिल्ली में इस सीजन की यह पहली भारी वर्षा थी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, बारिश ने दिल्ली में 20 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के ऊपर बना हुआ है, जबकि मॉनसून अपनी सामान्य स्थिति के दक्षिण की ओर फैल गया है। साथ ही, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना है।
आईएमडी के अद्यतन अनुमान के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ और मानसूनी पवन झोकों के एक-दूसरे के अगले 24 से 36 घंटे तक संपर्क में रहने की उम्मीद है जिससे उत्तर-पश्चिम भारत के शेष हिस्सों में बारिश होगी। वर्षा होने के साथ ही पानी से भरी सड़कों और गाड़ियों की लंबी कतारों का पुराना नजारा एक बार सामने आ गया। लोगों ने दिल्ली की ‘घटिया नाली व्यवस्था’ को लेकर अपनी नाराजगी प्रकट की। (पीटीआई-भाषा इनपुट्स के साथ)
