Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में मेरठ विकास प्राधिकरण (MDA) की टीम ने अवैध निर्माणों के खिलाफ एक बार फिर बड़ी और कठोर कार्रवाई की है। यहां दो अलग स्थानों पर 'बाबा का बुलडोजर' गरजा। बुलडोजर कार्रवाई के तहत बड़े पैमाने पर अनधिकृत निर्माणों को ढहाया गया। यह कार्रवाई MDA के वाइस प्रेजिडेंट के निर्देश पर की गई है, जिससे यह साफ संदेश दिया गया है कि शहर में अवैध कॉलोनियों या अनधिकृत निर्माणों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
किन दो स्थानों पर की गई बुलडोजर कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, कार्रवाई के पहले चरण में बुलडोजर ईदगाह, इंचौली स्थित सोहराब की मार्केट पर चला। मवाना रोड पर बिना किसी मंजूरी के बनाई जा रही आधा दर्जन दुकानें देखते ही देखते मलबे में बदल गया। सोहराब मार्केट के बाद बुलडोजर का रुख बदला और गंगानगर की तरफ आगे बढ़ाना शुरू हुआ। यहां उल्देपुर सिखेड़ा रोड पर आशीष सांगवान द्वारा अवैध रूप से विकसित की गई करीब 19 हजार वर्ग गज की कॉलोनी को कुछ ही समय में जमींदोज कर दिया गया। इस कार्रवाई में कॉलोनी की सड़कों से लेकर बाउंड्रीवाल और सीवर लाइन तक सब कुछ ढहा दिया गया। पूरे इलाके में मलबा ही मलबा दिखाया जा रहा है।
नियम तोड़ने वालों की अब खैर नहीं
मेरठ में पिछले कुछ हफ्तों से लगातार बुलडोजर अभियान जारी है। अवैध निर्माण को जमीदोज किया जा रहा है। प्रशासन का रुख एकदम स्पष्ट है कि नियम तोड़ने वालों को अब किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। MDA की यह कठोर कार्रवाई योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का ही हिस्सा है, जिसका उद्देश्य शहर में अवैध कब्जों और प्लानिंग के खिलाफ होने वाले निर्माणों पर लगाम लगाना है। इन सख्त कदमों से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि शहर का विकास सुनियोजित तरीके से और कानूनी मानदंडों के भीतर ही हो। किसी भी तरह से नियमों का उल्लंघन न हो।
